भारत

चॉकलेट मांग रहा था भांजा, मामा ने थमा दी पिस्टल, चली गोली

SHIDDHANT
18 Oct 2026 12:03 AM IST
चॉकलेट मांग रहा था भांजा, मामा ने थमा दी पिस्टल, चली गोली
x
मामा की लापरवाही ने ली मासूम की जान
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चॉकलेट मांग रहे साढ़े तीन साल के मासूम को कथित तौर पर उसके मामा ने खेलने के लिए असली पिस्टल थमा दी। खेलते समय अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई, जो बच्चे के सिर में जा लगी। इस दर्दनाक हादसे में मासूम साहिल कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
चॉकलेट की जिद कर रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, घटना बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित कर्नल मार्केट इलाके की है। मृतक बच्चे की पहचान साढ़े तीन वर्षीय साहिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। आरोप है कि बच्चे की जिद के दौरान मामा ने उसे खेलने के लिए असली पिस्टल दे दी। मासूम पिस्टल से खेल रहा था, तभी अचानक उसका ट्रिगर दब गया। गोली बच्चे के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले मासूम ने तोड़ा दम
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को खून से लथपथ देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिस्टल जब्त, फरार मामा की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से बच्चे का मामा राजेश कुमार फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध। इस घटना ने घर में हथियारों को सुरक्षित रखने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story