भारत
न लालू प्रसाद का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, न सोनिया गांधी का बेटा प्रधानमंत्री : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
jantaserishta.com
4 Nov 2025 12:43 PM IST

x
दरभंगा: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालू प्रसाद और सोनिया गांधी का नाम लेते हुए 'परिवारवाद' पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो नेता अपने बेटा-बेटी को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, वे युवा, गरीबों, किसानों और जीविका दीदी की चिंता नहीं कर सकते हैं।
दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "लालू-राबड़ी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। मैं दोनों को कहना चाहता हूं कि न लालू-राबड़ी का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, न सोनिया गांधी का बेटा प्रधानमंत्री।"
उन्होंने आगे कहा, "बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हुए हैं और दिल्ली में नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने हुए हैं। इन लोगों (तेजस्वी यादव और राहुल गांधी) के लिए कुर्सी खाली नहीं है। दोनों जगह कोई वैकेंसी खाली नहीं है।"
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, "जो नेता अपने बेटा-बेटी को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, क्या वे जाले के युवाओं की चिंता कर सकते हैं? क्या वे जीविका दीदी, किसान, गरीब और मछुआरा की चिंता कर सकते हैं? इन सभी लोगों की चिंता सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार कर सकते हैं।"
अमित शाह ने राहुल गांधी की 'बिहार यात्रा' पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "जाले में राहुल गांधी ने 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा निकाली। मैं कहना चाहता हूं कि देश में जितनी भी 'घुसपैठिया बचाओ यात्रा' निकालनी है, निकाल लो, हम घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने का काम करेंगे। बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, ये सिर्फ यहां के लोग तय कर सकते हैं, बांग्लादेश के लोग तय नहीं कर सकते हैं।"
जनसभा के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री ने लालू प्रसाद पर लगे घोटालों की लिस्ट गिनाई। उन्होंने कहा, "लालू जी ने भी काफी कुछ किया है। चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया, होटल बेचने का घोटाला, अलकतरा घोटाला किया, बाढ़ राहत घोटाला किया, भर्ती घोटाला किया और एबी एक्सपोर्ट का घोटाला किया। लालू-राबड़ी ने इतने घोटाले किए और कांग्रेस ने 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले किए हैं। ये बिहार का भला कर सकते हैं क्या?"
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल शासन किया और बिहार में नीतीश कुमार ने 20 साल शासन किया। नीतीश बाबू और मोदी जी पर चार आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





