भारत

शराब कांड में नेहा झा को बेल, वकील ने खोला गिरफ्तारी का राज!

SHIDDHANT
29 Sept 2026 11:25 PM IST
शराब कांड में नेहा झा को बेल, वकील ने खोला गिरफ्तारी का राज!
x
शराब बरामदगी केस में कोर्ट ने दी जमानत
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामदगी के मामले में गिरफ्तार नेहा झा को अदालत से जमानत मिल गई है। सोमवार को एक्साइज कोर्ट-2 में हुई सुनवाई के बाद अदालत ने नेहा को राहत दी। जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी ईशान कुमार को फिलहाल जमानत नहीं मिली है। नेहा की जमानत के बाद अब उनकी गिरफ्तारी और मामले में कथित भूमिका को लेकर बचाव पक्ष की दलील चर्चा में है। नेहा के अधिवक्ता चंदन कुमार सिंह का दावा है कि उनकी मुवक्किल ट्रेन से शराब लेकर यात्रा नहीं कर रही थीं। उनका कहना है कि नेहा समस्तीपुर जंक्शन पर अपने रिश्तेदार को रिसीव करने पहुंची थीं।
वकील ने कहा- नेहा के पास नहीं था ट्रेन टिकट
अधिवक्ता चंदन कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से शराब बरामद होने की बात कही थी, लेकिन जांच के दौरान नेहा के पास ट्रेन का कोई टिकट नहीं मिला। बचाव पक्ष का तर्क है कि जब नेहा ट्रेन से यात्रा ही नहीं कर रही थीं, तो उन्हें शराब लेकर ट्रेन में सफर करने से जोड़ना उचित नहीं है। वकील के अनुसार, नेहा के पास से सीधे तौर पर शराब बरामद नहीं हुई और शराब वाले बैग से भी उनका सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ। बचाव पक्ष ने इन्हीं तथ्यों को अदालत के सामने रखते हुए नेहा की गिरफ्तारी और कथित बरामदगी से जुड़े सवाल उठाए।
3 सितंबर की रात सामने आया था मामला
मामला 3 सितंबर की रात का बताया जा रहा है। समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर खड़ी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास कोच H-1 की बर्थ नंबर 7 से शराब बरामदगी की बात सामने आई थी। आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश क्रोशिया और आरक्षी दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान एक बैग में छिपाकर रखी गई करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद नेहा झा और ईशान कुमार को हिरासत में लिया गया था।
हरियाणा से शराब लाने की बात
पुलिस पूछताछ के आधार पर हरियाणा से शराब लाए जाने की बात सामने आने की जानकारी दी गई थी। वहीं, बचाव पक्ष ने अलग पक्ष रखा। नेहा के वकील के अनुसार, उनके बहनोई बनारस से ट्रेन के जरिए समस्तीपुर आ रहे थे और नेहा उन्हें रिसीव करने रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। बचाव पक्ष का कहना है कि नेहा के पास यात्रा का टिकट नहीं था और उनके कब्जे से सीधे शराब बरामद नहीं हुई। हालांकि, पुलिस की ओर से लगाए गए आरोप और जांच में सामने आए तथ्यों पर अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
करीब 25 दिन बाद मिली जमानत
गिरफ्तारी के बाद नेहा झा करीब 25 दिनों से जेल में थीं। अब अदालत से जमानत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी होने पर उनकी रिहाई हो सकेगी। नेहा के परिवार की ओर से गिरफ्तारी के बाद से ही उन्हें निर्दोष बताया जाता रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि इस मामले के कारण नेहा की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है। उनके पिता ने भी बेटी को निर्दोष बताते हुए बदनामी को लेकर सवाल उठाए हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी ईशान कुमार को अभी राहत नहीं मिली है। परिवार की ओर से उनकी रिहाई के लिए भी कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल इस मामले में एक तरफ करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामदगी का पुलिस पक्ष है, जबकि दूसरी ओर बचाव पक्ष का दावा है कि नेहा के पास से शराब बरामद नहीं हुई और वह केवल रिश्तेदार को रिसीव करने समस्तीपुर स्टेशन पहुंची थीं। मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया से ही नेहा की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
Next Story