NEET-UG 2025, परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए सरकार की तैयारी तेज

New Delhi नई दिल्ली: देशभर में 4 मई को होने वाली NEET-UG परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ लगातार बैठकों का दौर चलाया है ताकि किसी भी स्तर पर चूक न हो।
इस वर्ष परीक्षा 5,000 से अधिक केंद्रों पर आयोजित होगी, और 550 से अधिक शहरों को इसमें शामिल किया गया है। पिछले साल हुई कथित गड़बड़ियों के चलते इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर बहुस्तरीय तलाशी होगी, और प्रश्नपत्रों तथा उत्तर पुस्तिकाओं की ढुलाई पुलिस निगरानी में की जाएगी। इसके अलावा, कोचिंग संस्थानों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की संगठित नकल को रोका जा सके।
जिला स्तर पर समन्वय समितियों को सक्रिय किया गया है, और ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। केंद्र सरकार इस बार परीक्षा प्रणाली की साख बहाल करने के लिए पूरी तरह गंभीर दिख रही है।





