भारत

जान देकर 3 दोस्तों को मौत के मुंह से निकाल लाया, नदी में लाश तलाश रही NDRF की टीम

Nil dhankar
27 Feb 2026 6:46 AM IST
जान देकर 3 दोस्तों को मौत के मुंह से निकाल लाया, नदी में लाश तलाश रही NDRF की टीम
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। उरई में कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम पारेन में गुरुवार दोपहर डूब रहे तीन दोस्तों को बचाकर किशोर खुद यमुना में समा गया। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण यमुना किनारे पहुंच गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सीओ और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच किशोर की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक किशोर का पता नहीं चल सका है। किशोर को खोजने के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।

कुठौंद के पारेन निवासी राजू दोहरे का 17 वर्षीय बेटा कुलदीप यमुना नदी किनारे सब्जी की फसल में पानी लगा रहा था। इसी दौरान गांव में एक शादी समारोह में आए औरैया के सहाल इटहा निवासी 15 वर्षीय सत्यम दोहरे, 16 वर्षीय शिवम पुत्र अरविंद और 15 वर्षीय शीलू पुत्र रामपाल दुबे घूमते हुए यमुना नदी के किनारे चले गए। थोड़ी देर बाद ही सत्यम, शिवम व शीलू नदी में नहाने उतर गए। अचानक वे तीनों डूबने लगे। उनके चिल्लाने पर कुलदीप दौड़कर नदी किनारे पहुंचा और यमुना में छलांग लगा दी। किसी तरह वह एक-एक कर तीनों को किनारे ले आया पर खुद तेज बहाव से बाहर नहीं निकल सका और गहरे पानी में डूब गया। बाहर निकले तीनों किशोर कुलदीप को डूबता देख चिल्लाने लगे और भागकर गांव पहुंचे व परिजनों को जानकारी दी। ग्रामीण दौड़कर यमुना किनारे पहुंचे पर कुलदीप कहीं नजर नहीं आया।

सूचना पर थाना प्रभारी अजय पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गोताखोर किशोर की तलाश में जुटे हैं। सीओ जालौन शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि किशोर को खोजने के लिए एसडीआरएफ बुलाई गई है। जल्द सर्च अभियान शुरू कराएंगे।

Next Story
null