भारत
एनडीए के नेताओं ने 'मन की बात' को प्रेरणादायी बताया, कहा-'राजनीति से परे जनभागीदारी का सशक्त माध्यम'
jantaserishta.com
26 July 2026 2:19 PM IST

x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड को लेकर देशभर के विभिन्न राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने इसे जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया। एनडीए के नेताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम राजनीति से ऊपर उठकर देश के आम नागरिकों के प्रयासों, नवाचारों, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों और समाज के सकारात्मक कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम देश के लोगों द्वारा किए जा रहे नए-नए प्रयोगों, उनकी उपलब्धियों और समाज को एकजुट करने के प्रयासों को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों की जानकारी पूरे देश को मिलती है, जिससे लोगों को नई सोच और प्रेरणा प्राप्त होती है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उन्हें 'मन की बात' का 136वां एपिसोड सुनने का सौभाग्य मिला। यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ने पिछले कुछ महीनों में लगातार राज्य का उल्लेख किया है। प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक्स, बस्तर पांडुम, मल्हार में मिली तांबे की प्लेट और इस बार 'कैच द रेन' अभियान के तहत कोरबा के प्रयासों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आगामी गणेश उत्सव के दौरान स्थानीय गांवों की मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की पूजा करने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का भी आह्वान किया, जिसके लिए राज्य की जनता उनकी आभारी है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सकारात्मक सोच ही 'मन की बात' कार्यक्रम की सबसे बड़ी ताकत है। लगातार 136 एपिसोड तक जनता से संवाद बनाए रखना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताई कि प्रधानमंत्री ने इस बार त्रिपुरा में स्वदेशी रूप से निर्मित पहले संगीत वाद्ययंत्र का उल्लेख किया, जिससे राज्य के कारीगरों और कलाकारों का उत्साह बढ़ा है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 'मन की बात' देश और समाज की वास्तविक चिंताओं को सामने लाने वाला कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर की और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को भी याद किया। साथ ही 7 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उल्लेख करते हुए देशवासियों से भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। 'मन की बात' वास्तव में देश की आवाज बन चुका है।
केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में कभी राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं करते, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे छोटे-छोटे लेकिन प्रेरणादायी कार्यों को पूरे देश के सामने लाते हैं। कश्मीर की पारंपरिक चटाइयों, स्थानीय हर्बल चाय, जल संरक्षण, वृक्षारोपण जैसे विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना इस कार्यक्रम की विशेषता है। कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए भी प्रधानमंत्री की सराहना की।
भाजपा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी उपलब्धियों से अधिक देश के करोड़ों नागरिकों के योगदान को महत्व देते हैं। पिछले 136 महीनों से 'मन की बात' के माध्यम से देशभर के प्रेरणादायी कार्यों और नागरिकों की उपलब्धियों को संकलित कर देशवासियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 'मन की बात' दुनिया के सबसे लोकप्रिय मासिक कार्यक्रमों में से एक है। उनके अनुसार, इस मंच के जरिए ऐसे लोगों की प्रेरक कहानियां सामने आती हैं, जिनकी प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी पर सामान्यतः किसी का ध्यान नहीं जाता।
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि 'मन की बात' पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केरल से लेकर कश्मीर तक देश के हर क्षेत्र के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रयास करते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के महत्व और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस और समर्पण देश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





