भारत

एनसीआर में जहरीली हवा और शीतलहर का डबल अटैक, ग्रेटर नोएडा-दिल्ली टॉप प्रदूषित इलाकों में शामिल

jantaserishta.com
15 Jan 2026 10:09 AM IST
एनसीआर में जहरीली हवा और शीतलहर का डबल अटैक, ग्रेटर नोएडा-दिल्ली टॉप प्रदूषित इलाकों में शामिल
x
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाकों में ग्रेटर नोएडा का नाम लगातार ऊपरी पायदानों में बना हुआ है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) रेड जोन में दर्ज किया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ रहा है।
नोएडा की बात करें तो यहां सभी सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में है। सेक्टर-1 नोएडा में एक्यूआई 359 दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-125 नोएडा में 352, सेक्टर-116 नोएडा में 347 और सेक्टर-62 नोएडा में 342 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि नोएडा की हवा लगातार जहरीली बनी हुई है।
दिल्ली की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। कई इलाकों में एक्यूआई 350 से ऊपर पहुंच गया है। चांदनी चौक में एक्यूआई 384, अशोक विहार में 376, बवाना में 373, पंजाबी बाग में 386, ओखला फेज-2 में 383 और पुसा में 399 एक्यूआई दर्ज किया गया। नेहरू नगर दिल्ली में तो एक्यूआई 397 तक पहुंच गया, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं आनंद विहार में एक्यूआई 345 और अलीपुर में 332 रिकॉर्ड किया गया। कुछ इलाकों जैसे मथुरा रोड पर एक्यूआई 259 रहा, जो अभी भी खराब श्रेणी में है।
गाजियाबाद में भी हालात बेहतर नहीं हैं। संजय नगर गाजियाबाद में एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, जबकि इंदिरापुरम में एक्यूआई 282 रिकॉर्ड हुआ। यानी गाजियाबाद भी पूरी तरह प्रदूषण की चपेट में है। वायु प्रदूषण के साथ-साथ मौसम ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार एनसीआर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री रहा। सुबह के समय घना कोहरा और दिन में भी कई इलाकों में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंडी हवा, कम गति की हवाएं और कोहरा प्रदूषण को जमीन के पास रोक लेते हैं, जिससे एक्यूआई लगातार रेड जोन में बना हुआ है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को घर से बाहर निकलने से बचने, मास्क पहनने और सुबह-शाम की सैर टालने की सलाह दी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story