भारत
संगम विहार से एनसीपी प्रत्याशी ने 'आप' को घेरा, कब्रिस्तान में मुर्दा टैक्स लगाने का आरोप लगाया
jantaserishta.com
19 Jan 2025 3:01 PM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली चुनाव में नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी दिल्ली की संगम विहार विधानसभा से कमर अहमद को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने संगम विहार से मौजूदा 'आप' विधायक कोई काम नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही कब्रिस्तान में मुर्दा टैक्स लगाने की बात कही।
संगम विहार विधानसभा से एनसीपी प्रत्याशी कमर अहमद ने डोर टू डोर कैंपेन किया। इस दौरान उन्होंने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को भारी जन समर्थन मिलने का दावा किया। साथ ही इस क्षेत्र में कोई विकास नहीं होने की बात कही।
उन्होंने कहा, "राजनीति करना मेरा पेशा नहीं है, ना ही राजनीति से जुड़े किसी परिवार से आया हूं। मैं पत्रकारिता करते हुए और समाज की परेशानियों को समझते हुए राजनीति में आया हूं। एनसीपी ने संगम विहार विधानसभा क्षेत्र में मुझे प्रत्याशी बनाया है। अजीत पवार और दिल्ली के पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने मुझ पर विश्वास जताया है। जनता जिन परेशानियों को झेल रही है, उनके समाधान के लिए मैं यहां पर आया हूं।"
एनसीपी प्रत्याशी ने मौजूदा आप विधायक दिनेश मोहनिया पर निशाना साधते हुए कहा, "संगम विहार विधानसभा में पानी पीने की व्यवस्था नहीं है। सीवर की सही व्यवस्था नहीं है। क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल नहीं हैं। पर्याप्त रास्ता नहीं है। पिछले विधायक ने संगम विहार में 11 साल से कोई भी काम नहीं किया। मैं चैलेंज देता हूं कि यहां से एक आदमी बता दे कि विधायक ने क्या काम किया है?"
कब्रिस्तान में मुर्दा टैक्स लगाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, "संगम विहार में एक कब्रिस्तान है, जहां पर आप विधायक ने मुर्दा टैक्स लगाया है। यहां पर जनाजे में आने वाले लोगों के लिए उन्होंने 10 रुपए की पर्ची का एक सिस्टम बना दिया है। आजाद हिंदुस्तान में कब्रिस्तान में जनाजे में शामिल होने वाले लोगों के लिए अगर 10 रुपए की पर्ची कटने लगे तो यह बहुत शर्म की बात है। दिनेश मोहनिया के कार्यकाल में संगम विहार इस बात की मिसाल रही कि कब्रिस्तान में 10 रुपए की पर्ची काटी गई। कब्रिस्तान के अंदर कब्रों में गंदे सीवर का पानी भरा और कफन सीवर के पानी में तैर रहे थे। लेकिन इसके बावजूद आप विधायक दिनेश मोहनिया कब्रिस्तान में इस हालात को देखने तक नहीं गए। संगम विहार में बहुत सारी परेशानियां हैं, जिससे जनता त्रस्त हो गई है।" उन्होंने दावा किया कि डोर टू डोर कैंपेन करने के दौरान लोगों का बहुत समर्थन मिल रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





