
x
सड़क हादसा दिखाने की रची साजिश
Sonbhadra सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एनसीएल अधिकारी रमाशंकर मिश्रा की संदिग्ध सड़क दुर्घटना में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, रमाशंकर की हत्या उनकी पत्नी प्रियंका मिश्रा ने कथित प्रेमी विकास चौहान और उसके दो साथियों के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर मामले को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को बीना स्टेडियम-जमशीला मार्ग के पास सड़क किनारे रमाशंकर मिश्रा का शव मिला था। वह एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे। शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का लगा, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों और शव पर मिले चोटों के निशानों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक और उससे जुड़े लोगों की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी दौरान पत्नी प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान के बीच कथित संबंध की जानकारी सामने आई।
पुलिस का दावा है कि 22 अगस्त की रात रमाशंकर ने अपनी पत्नी और विकास को घर पर देख लिया था, जिसके बाद विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद प्रियंका और विकास ने मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, रमाशंकर का गला दबाया गया और फिर पत्थर के फर्श पर सिर पटककर हत्या कर दी गई।
इसके बाद विकास ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को कथित तौर पर वारदात में शामिल किया। चारों ने शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क किनारे पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को वाहन से चोट पहुंचाने की कोशिश भी की गई। सीओ हर्ष पांडेय के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल साधनों और घटना से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
Next Story





