भारत

अपने नेताओं की हिरासत के खिलाफ NC और PDP के कार्यकर्ताओं का विरोध, जानें मामला

jantaserishta.com
1 Jan 2022 3:43 PM IST
अपने नेताओं की हिरासत के खिलाफ NC और PDP के कार्यकर्ताओं का विरोध, जानें मामला
x

कश्मीर: शनिवार की सुबह नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती को परिसीमन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने से पहले उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट करते हुए एक तस्वीर भी साझा की और लिखा कि सरकार विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए नेताओं को नजरबंद कर रही है।

जम्मू-कश्मीर की राजनीतिक पार्टियों क समूह गुपकर गठबंधन शनिवार को केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करने वाला था लेकिन इस प्रदर्शन के शुरू होने से पहले ही नेताओं के घरों पर ताले लगा दिए गए और आवास के सामने सुरक्षाबलों की गाड़ियों की तैनाती कर दी गई। जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने गेट पर पुलिस की गाड़ी की तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा- "सुप्रभात, 2022 में आपका स्वागत है। एक नया साल, उसी पुरानी जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ जो अवैध रूप से लोगों को उनके घरों में बंद कर रही है, और एक प्रशासन जो सामान्य लोकतांत्रिक गतिविधि से इतना डरा हुआ है कि शांति पूर्ण धरना प्रदर्शन रोक रहा है। प्रदर्शन रोकने के लिए गेट पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के बड़े ट्रक खड़े कर दिए हैं। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं।"
इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया, "पुलिस के अराजक राज की बात करें तो पुलिस ने मेरे पिता के घर को मेरी बहन के घर से जोड़ने वाले आंतरिक दरवाजे को भी बंद कर दिया है फिर हमारे नेताओं के पास इतनी हिम्मत है कि वह भारत को सबसे बड़ा लोकतंत्र कहते हैं।"
पीडीपी नेता और बीजेपी के गठबंधन वाली सरकार में मुख्यमंत्री रहीं महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट किया, "भारत सरकार ने अनुच्छेद 370 को खत्म करके जम्मू-कश्मीर को अलग-अलग कर दिया लेकिन जब जम्मू-कश्मीर के लोग इसका विरोध करना चाहते हैं तो यह सरकार डर गई है और असहिष्णु हो गई है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने की कोशिश के लिए 15वीं बार हमें नज़रबंद किया गया है।"
गौरतलब है कि ये पार्टियां केंद्र सरकार की ओर से सात नई विधानसभा सीटों के अस्वीकार्य विभाजन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली थीं। 17 फरवरी 2020 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा क्षेत्रों की परिसीमन प्रक्रिया शुरू की है जिससे विधानसभा में सीटों की संख्या 107 से बढ़कर 114 हो जाएगी। इनमें से 24 सीटें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लिए आरक्षित हैं।
इसके कारण जम्मू क्षेत्र में 6 सीटें बढ़कर 43 हो गई हैं जबकि कश्मीर में सिर्फ़ 1 सीट बढ़ी है और वहां पर 47 सीटें हैं। घाटी की राजनीतिक पार्टियां जम्मू में सीटें बढ़ाने और कश्मीर में जनसंख्या के अनुपात में सीटें न बढ़ाने के खिलाफ विरोध जता रही हैं।
पीएजीडी नेतृत्व ने पिछले महीने परिसीमन आयोग के मसौदा प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जिसमें जम्मू क्षेत्र में 43 और कश्मीर में 47 के साथ जम्मू और कश्मीर विधानसभा सीटों की कुल संख्या 83 से बढ़ाकर 90 करने का प्रयास किया गया था। मौजूदा विधानसभा में जम्मू में 37 और कश्मीर में 46 सदस्य हैं।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story