भारत
सीसीएल परियोजना पर नक्सलियों ने हमला कर 6 गाड़ियां फूंकीं, आसपास दहशत का माहौल
jantaserishta.com
24 Aug 2025 11:24 AM IST

x
सभी वाहनों में भरे डीजल-पेट्रोल को खाली कराया गया और उसके बाद उनमें एक-एक कर आग लगा दी गई.
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में उग्रवादियों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की तापीन नॉर्थ परियोजना पर तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) से जुड़े नक्सलियों ने धावा बोलकर आउटसोर्सिंग कंपनी आरकेएस की छह गाड़ियों में आग लगा दी।
यह हमला शुक्रवार की आधी रात 12 बजे से 1 बजे के बीच हुआ। दर्जनों की संख्या में हथियारबंद नक्सली अचानक परियोजना स्थल पहुंचे और वहां खड़े पोकलेन, डंपर तथा अन्य वाहनों को कब्जे में ले लिया। सभी वाहनों में भरे डीजल-पेट्रोल को खाली कराया गया और उसके बाद उनमें एक-एक कर आग लगा दी गई।
कुछ ही देर में पूरे इलाके में आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटरों और मजदूरों के साथ मारपीट भी की गई। उन्हें धमकाते हुए नक्सलियों ने कहा कि अगर कंपनी ने तत्काल काम बंद नहीं किया, तो और गंभीर नतीजे होंगे। जाते-जाते उग्रवादियों ने संगठन के नाम से पोस्टर छोड़े हैं। आरकेएस कंपनी पिछले चार वर्षों से इस परियोजना में आउटसोर्सिंग के आधार पर कोयला खनन का कार्य कर रही है।
माना जा रहा है कि कंपनी से लेवी (रंगदारी) की रकम वसूलने के लिए यह वारदात अंजाम दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। नक्सलियों द्वारा छोड़े गए पोस्टर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर फोर्स की तैनाती बढ़ा दी गई है।
इसके पहले 23 जून की रात हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी के साइट पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर कई वाहनों में आग लगा दी थी। इस वारदात में दो जेसीबी, दो हाइवा ट्रक के अलावा ग्रेडर, पानी टैंकर और जेनरेटर जलकर राख हो गए थे। हाल के दिनों में झारखंड के कई इलाकों में नक्सली संगठन कोयला कंपनियों और आउटसोर्सिंग एजेंसियों को लगातार निशाना बना रहे हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





