भारत

5 पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी नक्सली गिरफ्तार, एसएसपी ने दी जानकारी

Nil dhankar
1 March 2024 6:13 PM IST
5 पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी नक्सली गिरफ्तार, एसएसपी ने दी जानकारी
x
ब्रेकिंग

रांची। नक्सलियों के खिलाफ अभियान में रांची पुलिस को शुक्रवार को दोहरी सफलता मिली। एक लाख के इनामी टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) के नक्सली संतोष गंझू ने जहां सरेंडर कर दिया, वहीं पांच पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी 50 हजार रुपए के इनामी नक्सली एनम हस्सा पूर्ति को गिरफ्तार किया गया। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने यह जानकारी दी। संतोष गंझू के खिलाफ रांची के ओरमांझी थाने में दो मामले दर्ज हैं। उस पर नक्सली संगठन के नाम पर कारोबारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने सहित कई अन्य आरोप हैं। उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही है।

एनम हस्सा पूर्ति को तमाड़ थाना क्षेत्र के राडगांव-रंगामाटी इलाके से गिरफ्तार किया गया है। उस पर एनआइए ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वह भाकपा माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य था। उसने तिरुलडीह खरसावां थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें पांच पुलिसकर्मियों की शहादत हुई थी। एनम तमाड़ क्षेत्र का रहने वाला है। चार साल पहले उसे एनआइए ने गिरफ्तार किया था। बाद में वह बेल पर छूट कर वापस इसी दस्ते में शामिल हो गया था। गिरफ्तार नक्सली के पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

Next Story