भारत

हज यात्रा के नाम पर करोड़ों ठगने वाला नौशाद गिरफ्तार, सरायढेला पुलिस ने भूईफोड़ मंदिर के बगल से दबोचा

Rani Sahu
13 Dec 2021 5:36 PM GMT
हज यात्रा के नाम पर करोड़ों ठगने वाला नौशाद गिरफ्तार, सरायढेला पुलिस ने भूईफोड़ मंदिर के बगल से दबोचा
x
सरायढेला पुलिस ने भूईफोड़ मंदिर के बगल से दबोचा

हज यात्रा 2022 की बुकिंग के नाम पर झारखंड के लोगों को करोड़ों रुपए की चपत लगाने वाला इरशाद आलम उर्फ नौशाद आलम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रांची ग्रामीण एसपी नौशाद आलम अंसारी की सूचना पर सरायढेला पुलिस ने उसे भूईफोड़ मंदिर के बगल से दबोच लिया है। उसके खिलाफ रांची के ओरमांझी थाने में ठगी के संबंध में दो मामले दर्ज हैं। पिछले दो-तीन महीनों से रांची पुलिस सरगर्मी से नौशाद की तलाश में थी।

नौशाद पर रांची, जमशेदपुर, लोहरदगा, जामताड़ा, पलामू, गिरिडीह व धनबाद के हाजियों से हज पर भेजने के नाम पर रुपए ठगने का आरोप है। स्थानीय लोगों ने ओरमांझी थाने में दिए शिकायत में आरोप लगाया था कि रुपए लेने के बाद वह चंपत हो गया। लबैक टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के नाम पर हज यात्रा के लिए जारी पोस्टर में धनबाद गोविंदपुर का पता दिया गया था। पुलिस को पता चला था कि नौशाद धैया राहरगोड़ा में गणपति टॉवर में छिप कर रह रहा है।
हालांकि इससे पहले उसकी तलाश में रांची पुलिस ने दो बार धनबाद के कई ठिकानों पर दबिश दी थी, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया था। अक्तूबर में राजगंज से कबीर नामक एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया था लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। रांची पुलिस की सूचना पर सोमवार को सरायढेला इंस्पेक्टर किशोर तिर्की ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस गोविंदपुर की तरफ जाने के फिराक में था।
2014 से हज यात्रा के नाम पर कर रहा ठगी
पुलिस जांच में पता चला है कि इरशाद आलम उर्फ नौशाद आलम हज यात्रा के नाम पर 2014 से ही ठगी कर रहा है। आरोप है कि 2019 में उसने 58 लोगों से हज के नाम पर रुपए लिए थे इसमें 35 लोगों को ही हज पर भेजा था। वर्ष 2014 में पटना में उसने नेशनल टूर एंड ट्रैवल के नाम पर तीन करोड़ रुपए ठगी की थी। इसके बाद वह नेपाल भाग गया था। उसी समय से पुलिस उसे खोज रही है।


Next Story