भारत
नारा लोकेश ने टीडीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली
jantaserishta.com
29 April 2026 3:21 PM IST

x
अमरावती: तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) विधायक और आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री नारा लोकेश ने बुधवार को पार्टी के पहले राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट) के रूप में शपथ ली। यह शपथ समारोह मंगलगिरी स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां टीडीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने नई कार्यकारिणी के सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी के पोलित ब्यूरो के साथ-साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय समितियों को भी शपथ दिलाई। इन नई समितियों की घोषणा 15 अप्रैल को की गई थी। खास बात यह है कि टीडीपी के 44 साल के इतिहास में पहली बार किसी नेता को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
43 वर्षीय नारा लोकेश पहले मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्हें पहले से ही सीएम चंद्रबाबू नायडू का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता रहा है, और अब इस नियुक्ति के साथ यह साफ संकेत मिल गया है कि वह 76 वर्षीय सीएम नायडू की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।
नारा लोकेश का यह प्रमोशन उस समय हुआ है, जब करीब दो साल पहले टीडीपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने राज्य में भारी बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। पार्टी की चुनावी सफलता में लोकेश की अहम भूमिका को देखते हुए इसे उनके लिए एक इनाम के रूप में भी देखा जा रहा है।
नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेताओं और नए चेहरों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है। पार्टी ने 'कैडर ही नेता है' के अपने नारे को ध्यान में रखते हुए उन कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है, जिन्होंने पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम किया है। पहली बार मंडल और क्लस्टर स्तर के नेताओं को भी पॉलित ब्यूरो में शामिल किया गया है।
मंगलगिरी क्लस्टर प्रभारी गुथिकोंडा धनुंजय और गंट्याडा मंडल पार्टी अध्यक्ष गंट्याडा श्रीदेवी को भी पोलित ब्यूरो में जगह मिली है। वहीं, वरिष्ठ नेता यनामला रामकृष्णुडु और गोरंतला बुच्चैया चौधरी ने अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बरकरार रखी हैं, जो वे एनटी रामाराव (एनटीआर) और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के समय से निभाते आ रहे हैं।
इसके अलावा, चंद्रबाबू नायडू के बहनोई और अभिनेता-राजनेता एन. बालकृष्ण को भी पोलित ब्यूरो सदस्य के रूप में बरकरार रखा गया है। बालकृष्ण, दिवंगत एनटीआर के पुत्र और नारा लोकेश के ससुर भी हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को भी समितियों में जगह दी है। शपथ ग्रहण से पहले सीएम चंद्रबाबू नायडू, नारा लोकेश और अन्य नेताओं ने पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एनटीआर को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





