भारत

नायब सैनी संग कई मंत्रियों ने ली शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई

Shantanu Roy
12 March 2024 12:11 PM GMT
नायब सैनी संग कई मंत्रियों ने ली शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई
x
देखें VIDEO...
हरियाणा। बीजेपी नेता नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के सीएम पद की शपथ ले ली है। सूबे के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्रियों को बधाई दी है। हरियाणा से बीजेपी विधायक कंवरपाल गु्र्जर ने भी मंत्री पद की शपद ली है। वह यमुनानगर की जगाधरी सीट से विधायक हैं। बीजेपी नेता मूलचंद शर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।


वह नई सरकार का ब्राह्मण चेहरा हैं और पिछली सरकार में परिवहन मंत्री थे। मूलचंद शर्मा हरियाणा के वल्लभगढ़ से विधायक हैं। निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। वह नायब सैनी की सरकार के जाट चेहरे हैं और हरियाणा की रानिया सीट से विधायक हैं। रणजीत सिंह चौटाला चौधरी देवलाल के बेटे और ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं। वह पिछली सरकार में बिजली मंत्री थे।
कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी ने ने हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। शपथ से पहले उन्होंने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के पैर छुए। मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में सैनी को नेता चुना गया था। इसके बाद 54 साल के नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी ने विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया।
सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई।
JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई। जिसमें पार्टी के 10 में से 5 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये सभी BJP के संपर्क में हैं। जजपा कल हिसार में रैली कर अगली रणनीति का ऐलान करेगी। JJP लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 1 से 2 सीटें मांग रही थी जबकि BJP का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही गठबंधन टूटने की वजह बनी।
JJP के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले थे लेकिन सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी। दुष्यंत ने दिल्ली में अमित शाह से दोबारा मिलने का समय मांगा है। हालांकि ये मुलाकात होगी या नहीं, ये पक्का नहीं है।
Next Story