भारत
सुबह स्कूल गया था बेटा, छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा...वॉशरूम में मौत की खबर मिली
jantaserishta.com
8 Sept 2026 9:04 AM IST

x
हार्टअटैक की आशंका.
मेरठ: स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी. बच्चे अपने-अपने घर जाने के लिए स्कूल से बाहर निकल रहे थे और ई-रिक्शा चालक भी बच्चों को लेकर जाने की तैयारी में था. लेकिन कक्षा सात का 13 वर्षीय कुनाल शर्मा नजर नहीं आया. करीब 15 मिनट इंतजार के बाद जब ई-रिक्शा चालक उसकी तलाश में स्कूल के अंदर पहुंचा तो जो नजारा सामने आया, उससे हड़कंप मच गया. कुनाल स्कूल के वॉशरूम में गिरा पड़ा था. आनन-फानन में स्कूल के टीचर और परिजन बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने कुनाल को मृत घोषित कर दिया. छात्र की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया. शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत की सही वजह को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
मामला मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र स्थित बसंत वैली पब्लिक स्कूल का है. सोमवार को रोज की तरह स्कूल में पढ़ाई चल रही थी. कक्षा सात में पढ़ने वाला 13 वर्षीय कुनाल शर्मा भी सुबह स्कूल पहुंचा था. कुनाल मवाना के मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था. परिजनों के मुताबिक वह रोजाना की तरह सोमवार को भी स्कूल गया था. छुट्टी के बाद उसे ई-रिक्शा से घर लौटना था. बताया गया कि छुट्टी होने के बाद ई-रिक्शा चालक दूसरे बच्चों के साथ कुनाल का भी इंतजार करता रहा. बच्चे बाहर आते गए, लेकिन काफी देर बीतने के बावजूद कुनाल स्कूल से बाहर नहीं आया. पहले चालक को लगा कि शायद बच्चा किसी काम से स्कूल में रुक गया होगा. करीब 15 मिनट इंतजार करने के बाद उसने खुद स्कूल के अंदर जाकर कुनाल की तलाश शुरू की.
स्कूल परिसर में तलाश करने के दौरान ई-रिक्शा चालक की नजर वॉशरूम की तरफ गई. वहां कुनाल मूर्छित अवस्था में पड़ा मिला. बच्चे को इस हालत में देखकर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. टीचरों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजन बच्चे को तत्काल डॉक्टरों के पास लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने जांच के बाद कुनाल को मृत घोषित कर दिया. 13 साल के बच्चे की मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, वहां चीख-पुकार मच गई. कुछ ही देर में आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचने लगे. कुनाल की मौत इतनी अचानक हुई कि परिवार और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं. बच्चा स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद उसका शव स्कूल के वॉशरूम में मिला. ऐसे में उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. घटना को लेकर परिवार की ओर से फिलहाल किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है. परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार किया है.
मवाना थाना प्रभारी पंकज लवानिया के मुताबिक, मवाना निवासी कुनाल शर्मा पुत्र धर्मेंद्र शर्मा कक्षा सात में वैली पब्लिक स्कूल मवाना में पढ़ता था. स्कूल में अचानक हृदय गति रुकने से उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिली है. थाना प्रभारी के अनुसार स्कूल प्रशासन और परिजन बच्चे को तत्काल डॉक्टर के पास लेकर गए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के स्तर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के मुताबिक छात्र के परिजनों ने किसी तरह की तहरीर देने से इनकार किया है. ऐसे में फिलहाल मामले में किसी तरह की आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है. एक तरफ परिवार अपने 13 वर्षीय बेटे की अचानक मौत से सदमे में है, वहीं दूसरी तरफ स्कूल के वॉशरूम में छात्र के बेसुध मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह चिकित्सकीय जांच और पुलिस की कार्रवाई से ही स्पष्ट हो सकेगा.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





