
x
क्राइम
Shamli शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बुधवार शाम सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से निकलते ही बदमाशों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें अंकित की मौत हो गई। घटना के बाद अंकित का परिवार गहरे सदमे में है। बेटे का शव देखकर उनकी मां बेसुध हो गईं। वह बार-बार यही कहती रहीं कि "मेरा बेटा सो गया।" मां की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान रोज की तरह बुधवार शाम जिम गए थे। करीब 6:45 बजे जब वह जिम से बाहर निकले और अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठने लगे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने गाड़ी का गेट खुलते ही अंकित पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान अंकित को कई गोलियां लगीं। वहीं, उनकी गाड़ी पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थे। वह हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काम कर चुके थे। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी लोकप्रिय हुआ था। इस गाने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में उनकी पहचान और बढ़ गई थी। अंकित मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। उनकी अचानक हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों ने अंकित की रेकी कब से शुरू की थी और उन्हें जिम से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story





