भारत

मेरी कटोरी, मेरा पोषण से 4.5 लाख लोगों तक पहुंचा संदेश, बच्चों के स्वस्थ विकास पर योगी सरकार का जोर

SHIDDHANT
6 Oct 2026 8:00 PM IST
मेरी कटोरी, मेरा पोषण से 4.5 लाख लोगों तक पहुंचा संदेश, बच्चों के स्वस्थ विकास पर योगी सरकार का जोर
x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास को लेकर एक और बड़े जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया है। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से राज्य स्तरीय पोषण पाठशाला का आयोजन किया गया। “मेरी कटोरी, मेरा पोषण” संदेश के साथ आयोजित इस डिजिटल कार्यक्रम के जरिए प्रदेशभर में करीब 4.5 लाख लाभार्थियों और प्रतिभागियों तक पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई गई।
कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट एनआईसी के माध्यम से किया गया। प्रदेशभर में कुल 1,03,467 डिवाइस के जरिए लोग इस पोषण पाठशाला से जुड़े। एक डिवाइस से कई प्रतिभागियों के जुड़ने के कारण कार्यक्रम की पहुंच लगभग 4.5 लाख लोगों तक रही। इसमें अभिभावक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभागीय कर्मचारी और समुदाय के अन्य लोग शामिल हुए।
पोषण पाठशाला का मुख्य फोकस छह माह की आयु पूरी करने वाले बच्चों के लिए सही समय पर उचित और पौष्टिक ऊपरी आहार की शुरुआत पर रहा। कार्यक्रम में बताया गया कि बच्चे के जीवन के शुरुआती महीनों में पोषण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और छह माह के बाद केवल स्तनपान के साथ पर्याप्त ऊपरी आहार देना जरूरी हो जाता है।
अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इस बात की जानकारी दी गई कि ऊपरी आहार केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव है। सही मात्रा, सही समय और पौष्टिक खाद्य सामग्री बच्चों को मिलने से उनके विकास में मदद मिलती है।
अपर मुख्य सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास लीना जौहरी ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए छह माह की आयु पूरी होने के बाद उचित और पौष्टिक ऊपरी आहार देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “मेरी कटोरी, मेरा पोषण” जैसे संदेशों के जरिए अभिभावकों और समुदाय को बाल पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पोषण संबंधी सही जानकारी को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाना है, ताकि बच्चों को शुरुआती उम्र से ही संतुलित और पर्याप्त आहार उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए डिजिटल माध्यमों का भी बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ऊपरी आहार और बाल पोषण से जुड़े कई वीडियो भी जारी किए गए। इन वीडियो को विभागीय यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि अभिभावक और आम लोग इन्हें आसानी से देख सकें। इसका मकसद पोषण संबंधी जानकारी को कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए लगातार लोगों तक पहुंचाना है।
9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित इस पाठशाला को बच्चों के स्वस्थ विकास और कुपोषण से बचाव के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का जोर इस बात पर है कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्षों में पोषण संबंधी गलतियों को कम किया जाए और परिवारों को सही मार्गदर्शन दिया जाए।
कार्यक्रम में उपनिदेशक आईसीडीएस अनुपमा शांडिल्य, सुरेश कुमार पाल, यूनिसेफ के पोषण विशेषज्ञ डॉ. रवि नारायण परही, यूपी टीएसयू से डॉ. वंदना नायडू और डॉ. आनंद तथा पोषण अभियान के संयुक्त परियोजना समन्वयक अभिषेक दुबे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य सरकार का मानना है कि पोषण संबंधी जागरूकता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे परिवार और समुदाय के व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। “मेरी कटोरी, मेरा पोषण” अभियान इसी उद्देश्य के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ बचपन की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
Next Story