भारत

मटन में बीफ का मिलावट, फिर होटलों में सप्लाई करने वाले पकड़े गए

Nilmani Pal
2 July 2026 7:30 AM IST
मटन में बीफ का मिलावट, फिर होटलों में सप्लाई करने वाले पकड़े गए
x
पढ़े पूरी खबर

तेलंगाना। राजधानी हैदराबाद में मीट में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिन पर आरोप है कि वे बीफ को मटन में मिलाकर होटलों को बेच रहे थे. इस मिलावटी मांस की सप्लाई शहर के कई होटलों में की जा रही थी. यह पूरी कार्रवाई हैदराबाद की सीसीएस क्राइम टीम ने की है. इस टीम ने हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम यानी एच-फास्ट के साथ मिलकर यह ऑपरेशन चलाया. यह कार्रवाई हबीबनगर पुलिस स्टेशन इलाके के मल्लेपल्ली में हुई.

पुलिस को पहले से इस मिलावट के धंधे की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर छापा मारा और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की पहचान मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद जहांगीर के रूप में हुई है. यह दोनों बीफ खरीदकर उसे मटन में मिलाते थे और फिर इस मिलावटी मांस को शहर के अलग अलग होटलों में सप्लाई करते थे. इस तरह होटल में खाना खाने वाले लोगों को पता ही नहीं चलता था कि उन्हें जो मटन परोसा जा रहा है, उसमें बीफ भी मिला हुआ है. पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपियों को हबीबनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मिलावट का धंधा कब से चल रहा था और इसमें और कौन कौन लोग शामिल हो सकते हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर कौन कौन से होटल इस मिलावटी मांस को खरीद रहे थे.

पुलिस अभी इस पूरे मामले में एक पूरा नेटवर्क होने की आशंका जता रही है, यानी सिर्फ यह दो लोग ही नहीं बल्कि इस मिलावट के धंधे में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है. जैसे जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में और भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.


Next Story