भारत

रेलवे ब्रिज के नीचे मर्डर, दो लड़कों ने ली बुजुर्ग महिला की जान

Nilmani Pal
21 Jun 2023 1:07 AM GMT
रेलवे ब्रिज के नीचे मर्डर, दो लड़कों ने ली बुजुर्ग महिला की जान
x
राजधानी की क्राइम न्यूज़

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में मंगलवार दोपहर रेलवे पुल के नीचे दो हमलावरों ने बुजुर्ग महिला को चाकू से गोद दिया। बीच सड़क पर हुए हमले के बाद पहुंची पुलिस ने 72 वर्षीय सुधा गुप्ता को अस्पताल में भर्ती किया। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि सुधा गुप्ता लक्ष्मी नगर के गुरु नानकपुरा इलाके में अकेले रहती थीं। उनके पति विजय पाल गुप्ता की मौत हो चुकी है। उनकी दो बेटी और तीन बेटे हैं। बेटियों की शादी हो गई है और बेटे भी अलग रहते हैं। मंगलवार दोपहर पुलिस को दो बार कॉल की गई थी। पहली बार में बताया गया कि एक बुजुर्ग महिला हादसे में घायल हुई है।

दूसरी बार उनकी मौत की सूचना अस्पताल से दी गई। पीसीआर मौके पर पहुंची और महिला को मेट्रो अस्पताल से मैक्स में लेकर गई। पुलिस को शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। सुधा गुप्ता के सिर, कंधे और बाएं छाती पर चोटें आई हैं। जांच में सामने आया कि वारदात के समय वह अपने दो पहिया वाहन से मंडावली से एक मकान का किराया लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे पुल के नीचे दो लड़कों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अभी हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।

महिला की बेटियों ने पुलिस को बताया कि मंडावली में उनके घर के सामने रेहड़ी वाला दुकान लगाता है। इसका वह लंबे समय से विरोध कर रही थीं। इसी विवाद के चलते रेहड़ी लगाने वाला उन्हें परेशान कर रहा था। उसने सुधा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित परिवार का आरोप है की रेहड़ी वाले ने ही सुधा गुप्ता की हत्या करवाई है।


Next Story