भारत

रिश्तों का कत्ल: पिता को मौत के घाट उतारा कलयुगी बेटे ने, शव को घर के अंदर दफनाया

jantaserishta.com
23 March 2024 5:58 AM GMT
रिश्तों का कत्ल: पिता को मौत के घाट उतारा कलयुगी बेटे ने, शव को घर के अंदर दफनाया
x
शरीर पर चोटों के कई निशान हैं।
डूंगरपुर: पिता अपने बच्चों के लिए क्या कुछ नहीं करते। अपने छोटे-छोटे सपनों को छोड़ उनकी हर छोटी बड़ी जरूरतों को पूरा करते हैं। लेकिन कुछ बच्चे ऐसे होते हैं जो मां बाप की इस कुर्बानी को कभी नहीं समझ पाते। कई बार तो ऐसी वारदातें सामने आती है जिन्हें सुनकर दिल दहलजाता है। अब राजस्थान से भी पिता बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और उनके शव को घर के अंदर दफना दिया। मामला डूंगरपुर जिले का है। मामला चार दिन पुराना बताया जा रहा है।
वारदात का खुलासा उस वक्त हुआ जब पिता की हत्या करने के दो दिन बाद बेटे ने खुद अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की पहचान 30 साल के चुन्नी लाल के रूप में हुई है जो चार बेटों में से एक था। उसने बताया कि उसकी उसके पिता के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई थी जिसके बाद गुस्से में आकर उसने एक नुकीली चीज से पिता के सिर पर वार किया। ये वार इतना तेज था कि पिता की मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने इस जुर्म को छिपाने के लिए पिता के शव को घर के आंगल में दफना दिया।
डिप्टी एसपी राजकुमार राजोरा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 60 साल के राजेंग्र बरंदा के 4 बेटे थे, प्रकाश, चुन्नी लाल, दिनेश और पप्पू। प्रकाश अपनी मां के साथ काम के सिलसिले में अहमदाबाद में रहता है। जबकि बाकी तीन बेटे बलवाड़ा में रहते हैं। चुन्नी लाल अपने पिता के साथ अलग घर में रहता था।
जब दिनेश और पप्पू को उनके पिता दो दिन दिखाई नहीं दिए तो उन्होंने इस बारे में प्रकाश को बताया और कहा कि उन्होंने पिछले 2 दिनों से पिता को नहीं देखा है। ये सुनकर प्रकाश अपनी मां के साथ तुरंत गांव पहुंच गए। इसके बाद सभी लोग चुन्नी लाल के पास गए और पिता के बारे में पूछने लगे। पहले चुन्नी लाल ने झूठी कहानियां गढ़ी लेकिन बाद में सारा सच उगल दिया और यह भी बताया कि उसने पिता के शव को घर के आंगन में दफना दिया।
मामले का खुलासा होते ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और एफआईआऱ दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और चुन्नी लाल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आंगन में दफनाए शव को भी बरामद कर लिया गया। डिप्टी एसपी ने बताया कि उनके शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। फिलहाल शव को डूंगरपुर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है क्योंकि उसके और उसके पिता के बीच झगड़े का कारण अभी भी पता नहीं चला है और पुलिस उससे कारण के बारे में पूछताछ कर रही है।
Next Story