
कालिंदी कुंज थाना इलाके में दिनदहाड़े शाहिद हुसैन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। श्रीराम चौक के पास आरोपियों ने स्कूटी सवार शाहिद को घेरकर ताबड़तोड़ वार किए और भाग गए। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी तरुण उर्फ रंजन समेत अन्य आरोपियों की तलाश में छापा मार रही है।
आरोपी सरेराह बीच रास्ते में युवक को चाकू से गोदते रहे, मगर कोई बचाने नहीं आया। कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपी करण उर्फ करम शाह, अबूजर, मोनू मलिक उर्फ साबिर और गौरव गुम्मा को गिरफ्तार किया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर की है।
तरुण उर्फ रंजन कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र का घोषित बदमाश है। मदनपुर खादर के श्रीराम चौक के पास दिनदहाड़े हुई इस हत्या के वायरल एक मिनट के वीडियो में बाइक सवार चार आरोपी स्कूटी से जा रहे शाहिद को पीछे से चाकू मारते दिख रहे हैं। अचानक हुए वार से स्कूटी गिर गई। इसके बाद चारों ने उस पर एक के बाद एक कई वार किए और मौके से फरार हो गए।
घायल शाहिद हुसैन को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हत्या शाहिद और तरुण उर्फ रंजन में पुरानी रंजिश थी। इन दोनों के बीच ,2025 में तिहाड़ जेल में हुई रंजिश पैदा हो गई थी।
vआउटर जिले के निहाल विहार थाना क्षेत्र के लक्ष्मी पार्क में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी रूबी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पति विकास ने महिला पर आधा दर्जन से अधिक वार किए और वारदात के बाद फरार हो गया। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे लक्ष्मी पार्क में एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रूबी खून से लथपथ हालत में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रूबी पर आधा दर्जन से अधिक बार चाकू से वार किए थे। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।





