भारत

मर्डर: भाजपा नेता और मिस्त्री को बनाया गया निशाना, ठगों ने सस्ता जेनरेटर देने का झांसा देकर बुलाया

jantaserishta.com
25 Sept 2025 5:56 PM IST
मर्डर: भाजपा नेता और मिस्त्री को बनाया गया निशाना, ठगों ने सस्ता जेनरेटर देने का झांसा देकर बुलाया
x
फैली सनसनी.
बलिया: यूपी के बलिया के एक भाजपा नेता और उनके कर्मचारी की राजस्थान में निर्मम हत्या कर दी गई. साइबर ठगों ने उन्हें सस्ते जनरेटर का झांसा देकर जयपुर बुलाया था. जब वे अपने वादे के मुताबिक रकम लेकर पहुंचे तो ठगों ने पैसे लूटकर, उन्हें मौत के घाट उतार दिया. फिर उनके शवों को अलग-अलग कुओं में फेंक दिया.
दरअसल, अशोक सिंह बलिया में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और एक शोरूम के मालिक थे. उनके शोरूम में कर्मचारी (मिस्त्री) विकास कुमार काम करता था. बीते दिनों दोनों की ही राजस्थान में हत्या कर दी गई. यह घटना तब हुई जब वे 19 सितंबर 2025 को जयपुर पहुंचे. उन्हें यह लालच दिया गया था कि उन्हें एक महंगा जनरेटर सस्ते में मिल जाएगा. ऑनलाइन ठगों ने यह साजिश रची थी ताकि वे उन्हें लूट सकें. पैसों के लिए उनकी हत्या करने के बाद उनके शवों को कुएं में फेंक दिया गया. जब कुएं से दुर्गंध आई तो मामले का पता चला.
पुलिस जांच में पता चला है कि ठगों ने अशोक सिंह को एक नौ लाख रुपये की कीमत वाला जनरेटर मात्र 3.5 लाख रुपये में दिलाने का झांसा दिया था. जनरेटर खरीदने के लालच में अशोक सिंह अपने मिस्त्री विकास कुमार के साथ 19 सितंबर को दिल्ली होते हुए राजस्थान के जयपुर पहुंचे. वहां पहुंचने के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, जिससे उनके परिवार की चिंता बढ़ गई. अशोक सिंह के भाई, आईआरएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने 21 सितंबर को नई दिल्ली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन खंगालना शुरू किया, जो राजस्थान के शाहजहांपुर इलाके में सक्रिय पाई गई. बीते मंगलवार की शाम को पुलिस को सांसेडी और जौनाचया खुर्द गांव के बीच एक कुएं से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस ने कुएं से अशोक सिंह का शव बरामद किया, और पास के ही एक और कुएं से उनके कर्मचारी विकास का शव मिला. फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से ठगों की तलाश शुरू कर दी है.
अशोक सिंह बलिया में दशरथ बजाज एजेंसी के संचालक थे. उनका परिवार प्रयागराज में रहता है, जिसमें उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. उनके भाई ने बताया कि अशोक ऑनलाइन रिसर्च के दौरान ठगों के संपर्क में आए थे. अशोक सिंह का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम में किया गया, जबकि विकास कुमार का बलिया में किया गया. पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story