
रोहतक। जिले में शुक्रवार को ट्रक यूनियन के मुंशी का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ शव मिला। शव की सूचना मिलते इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक युनियन का मुंशी तीन दिन पहले घर से लापता हुआ था। वहीं शव की स्थिति देखकर आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मौत काफी पहले हुई है। क्योंकि शव काफी समय से लटके होने के कारण सड़ गया था। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान पाड़ा मोहल्ला निवासी करीब 50 वर्षीय सूर्यकांत के रूप में हुई है। वह रोहतक के गोहाना रोड स्थित टीबी अस्पताल के पीछे झाड़ियों में फंदे पर लटका हुआ मिला।
पाड़ा मोहल्ला निवासी महेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सूर्यकांत ट्रक यूनियन में मुंशी के पद पर नौकरी करते थे। 29 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 8 बजे उसके पिता नौकरी पर गए थे, लेकिन ड्यूटी से सुबह करीब 11 बजे वापस घर आ गए। इसके बाद घर से कहीं चले गए। उसके बाद वापिस नहीं आए। पिता को ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिले। इसके बाद शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने लापता होने का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 29 को लापता हुए सूर्यकांत का शव फंदे पर लटका मिला। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
