भारत

10 रुपये के बाजार पर मुकेश अंबानी का बड़ा दांव, पानी-कोल्ड ड्रिंक के बाद आइसक्रीम की एंट्री

SHIDDHANT
2 Sept 2026 7:53 PM IST
10 रुपये के बाजार पर मुकेश अंबानी का बड़ा दांव, पानी-कोल्ड ड्रिंक के बाद आइसक्रीम की एंट्री
x
₹10 में आइसक्रीम! अंबानी ने खेला नया मास्टरस्ट्रोक
Delhi दिल्ली। देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल रिलायंस ने एफएमसीजी बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कम कीमत वाले उत्पादों पर बड़ा दांव लगाया है। मुकेश अंबानी की रणनीति अब ऐसे ग्राहकों तक पहुंचने की है जो रोजमर्रा की खरीदारी में किफायती उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं। पानी और कोल्ड ड्रिंक के बाद अब कंपनी ने 10 रुपये की कीमत वाले आइसक्रीम सेगमेंट में भी कदम रखा है।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने बॉम्बे क्रीमरी नाम से नया आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है। कंपनी शुरुआत में इसे पश्चिमी भारत के बाजारों में उपलब्ध करा रही है और बाद में देशभर में विस्तार करने की योजना है। इस कदम से आइसक्रीम बाजार में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है। यहां पहले से अमूल, मदर डेयरी, वाडीलाल और क्वालिटी वॉल्स जैसे बड़े ब्रांड मौजूद हैं।
रिलायंस की रणनीति में 10 रुपये का प्राइस पॉइंट खास माना जा रहा है। इस कीमत पर कंपनी बड़े पैमाने पर उन ग्राहकों तक पहुंच सकती है जो छोटी दुकानों और स्थानीय बाजारों से कम कीमत वाले उत्पाद खरीदते हैं। इससे पहले कंपनी कैम्पा ब्रांड के जरिए भी 10 रुपये वाले सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ा चुकी है।
कैम्पा की वापसी के बाद रिलायंस ने कम कीमत वाले पेय उत्पादों के जरिए कोका-कोला और पेप्सिको जैसी बड़ी कंपनियों को चुनौती देने की कोशिश की। कंपनी के मुताबिक वित्त वर्ष 2026 में कैम्पा की नेट सेल 4,700 करोड़ रुपये से अधिक रही और प्रमुख बाजारों में ब्रांड ने मजबूत हिस्सेदारी हासिल की। रिलायंस केवल कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम तक सीमित नहीं है। कंपनी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, खाद्य तेल, दाल, अनाज, पैकेज्ड फूड और रोजमर्रा की जरूरत के कई उत्पादों के बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
इंडिपेंडेंस ब्रांड भी रिलायंस के कंज्यूमर कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। कंपनी के अनुसार वित्त वर्ष 2026 में इस ब्रांड ने करीब 2,600 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की। वहीं कैम्पा श्योर के जरिए कंपनी पैकेज्ड पानी के बाजार में भी विस्तार कर रही है। ऐसे में 10 रुपये वाला सेगमेंट रिलायंस के लिए बड़े ग्राहक आधार तक पहुंचने की अहम रणनीति के रूप में उभर रहा है।
Next Story