
x
पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने पर पैर में लगी गोली
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी और गोकशी के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद मुकीम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घटना 26 अक्टूबर 2026 की है।
मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस की पिस्टल लेकर भागा
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात चोला थाना क्षेत्र के सुतारी और सबदलपुर गांवों के बीच जंगल में गोकशी की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
लगातार फरार चल रहे मुकीम पर मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दो पुलिसकर्मी उसे बाइक से मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान गैस गोदाम के पास बाइक फिसल गई। पुलिस का दावा है कि मुकीम ने मौके का फायदा उठाया और एक पुलिसकर्मी की पिस्टल लेकर फरार हो गया।
पुलिस की घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग
घटना की जानकारी मिलते ही चोला थाना पुलिस और स्वाट टीम देहात सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में छिपे आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर मुकीम ने सरकारी पिस्टल से पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
सरकारी पिस्टल और 10 कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सरकारी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी मुकीम गांव सुतारी का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ चोला और कोतवाली देहात थानों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
11 आरोपी पहले ही जेल भेजे गए, एक पर NSA
एएसपी प्रेमसुख दड़िया के मुताबिक, गोकशी के इस मामले में पुलिस पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एक आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की गई है।
मुकीम की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Next Story





