भारत

शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम संपन्न, प्रशासन ने ली राहत की सांस

Shantanu Roy
31 July 2023 4:43 PM GMT
शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम संपन्न, प्रशासन ने ली राहत की सांस
x
जिला समेत बिहार की भी नजरें टिकी थी कोढ़ा पर
ए डी खुशबू, कोढ़ा कटिहार, बिहार
कटिहार। कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की देर रात शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व संपन्न हो गया।शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम संपन्न हो जाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। क्योंकि कोढ़ा पर जिला ही नहीं बिहार की भी नजरें टिकी हुई थी। बताते चलें कि महज कुछ वर्ष पूर्व मुहर्रम के मौके पर मूसापुर कर्बला के निकट असामाजिक तत्वों के द्वारा उपद्रव कर दिया गया था। जिसके बाद कोढ़ा काफी चर्चा में हो गया था। मगर इस वर्ष कोढ़ा पुलिस प्रशासन के द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहर्रम का त्यौहार संपन्न कराया गया। मोहर्रम का त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो को लेकर प्रशासन के द्वारा जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके।

मोहर्रम जुलूस के दौरान मूसापुर कर्बला के मैदान में जहां प्रशासन के द्वारा वीडियोग्राफी कराया जा रहा था तो वही मोहर्रम की हर गतिविधि पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी। तो वही मोहर्रम के दौरान मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष एवं खलीफाओं के द्वारा भी शांति व्यवस्थाओं के बीच भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान दर्जनों युवाओं के हाथों में राष्ट्रध्वज था और राष्ट्रध्वज को लहराते हुए हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे। युवाओं के एक हाथों में तिरंगा तो दूसरे हाथों में तलवार लिये हुए या अली या हुसैन की आवाजें भी फिजा में गूंज रही थी।
कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के मूसापुर कर्बला के मैदान में मोहर्रम का जुलूस देखने लायक था। दर्जनों ताजिया एवं लिसान लेकर विभिन्न अखाड़ों से आए हुए थे। जिस का मनोरम दृश्य देखते ही बन रहा था। हालांकि लोगों में पिछले वर्ष की घटना को लेकर लोगों के मन में थोड़ा भय भी था मगर प्रशासन की ओर से की गई सुरक्षा व्यवस्था देखने के बाद लोगों के मन से भय दूर हो गया था। कोढ़ा पुलिस प्रशासन के द्वारा मूसापुर कर्बला के मैदान में हेल्प डेस्क एवं चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया था। लोग हेल्प डेस्क में पहुंचकर सहायता भी ले रहे थे।
मोहर्रम जुलूस के दौरान जख्मी हुए लोगों का चिकित्सा शिविर में इलाज भी किया जा रहा था। हेल्प डेस्क एवं चिकित्सा शिविर का नेतृत्व थानाध्यक्ष आलोक राय स्वंय कर रहे थे। मुहर्रम पर्व संपन्न कराने में स्थानीय प्रशासन प्रखंड विकास पदाधिकारी श्याम कुमार, थाना अध्यक्ष आलोक राय की सराहनीय भूमिका रही जबकि 9 रन पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो को लेकर जगह जगह दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए थे। साथ ही सभी स० अ० नी० व दर्जनों पुलिस बल की तैनाती रही। और कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।बताते चले कि कोढ़ा गंगा जमुनी तहजीब के लिए जाने जाते हैं। यहां एक दुसरे के पर्व त्योहार में शरीक होते हैं,चाहे होली हो या ईद या फिर दुर्गा पूजा हो या बकरीद सभी समुदाय के लोग शरीक होते हैं।
मोहर्रम के दौरान गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिला कई जनप्रतिनिधि समाजसेवी व बुद्धिजीवी अपने हाथों में तलवार वाला के लिए हुए मोहर्रम जुलूस में शामिल देखे गए। मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मुख्य पार्षद धीरज सिंह, जदयू के जिलाउपाध्यक्ष मनोज ऋषि, राजद नेता धीरेंद्र प्रसाद मेहता, मुखिया भोला चौरसिया, जूही उर्फ जुली, प्रीतम देवी, मो० काजिम, सोहराब अली, जगजीत के प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार कुशवाहा, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डोमन चौधरी, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद फजलुर्रहमान, मो० नईम, मो० नसीम, वार्ड पार्षद मोहम्मद मुजम्मिल, धर्मा शर्मा, उप मुख्य पार्षद रंजना राजन आदि ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया है। जनप्रतिनिधि समाजसेवी आदि ने कहा कि कोढ़ा थाना के तेज तर्रार व युवा थाना अध्यक्ष आलोक राय के नेतृत्व में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ है।
Next Story