
x
दुबई में MP की शिल्पकला का जलवा ODOP उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
DUBAI दुबई: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में राज्य के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और GI टैग प्राप्त उत्पादों पर केंद्रित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके जरिए प्रदेश की पारंपरिक शिल्पकला, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दुबई में AIM Congress-2026 के सिलसिले में पहुंचे हैं, जहां मध्य प्रदेश अपनी निवेश संभावनाओं को भी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रख रहा है।
प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की पहचान बन चुके हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के साथ उनकी ब्रांडिंग को मजबूत करना है।
मध्य प्रदेश सरकार पिछले कुछ समय से ODOP उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दे रही है। अगस्त में सरकार ने ‘ODOP Mart MP’ सहित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किए थे, ताकि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को बड़े बाजार तक पहुंच मिल सके।
दुबई में आयोजित प्रदर्शनी इसी ‘लोकल टू ग्लोबल’ रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक कला और हस्तशिल्प केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित न रहें, बल्कि स्थानीय कारीगरों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर भी पैदा करें।
AIM Congress-2026 में मुख्यमंत्री मोहन यादव वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर रहे हैं। मध्य प्रदेश की ओर से निवेश के साथ हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Next Story





