भारत

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के पर्वतारोहियों ने किया पूर्वी लद्दाख की दो चोटियां फतह

Kunti Dhruw
9 Oct 2021 5:17 PM GMT
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के पर्वतारोहियों ने किया पूर्वी लद्दाख की दो चोटियां फतह
x
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) के पर्वतारोहियों ने पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में स्थित दो पर्वत चोटियां फतह की हैं।

नई दिल्ली, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) के पर्वतारोहियों ने पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में स्थित दो पर्वत चोटियां फतह की हैं। ये पर्वत चोटियां 6,250 मीटर और 6,099 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि छह अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम सेक्टर के आइटीबीपी महानिरीक्षक लहारी दोरजी ल्हाटू के नेतृत्व में 20 पर्वतारोहियों के एक दल ने इन चोटियों पर तिरंगा लहराया। पर्वतारोहियों में आइटीपीबी की चार महिला कर्मी और लद्दाख पुलिस के जवान भी शामिल थे। दल को 28 सितंबर को लेह से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।

आइटीबीपी के एक प्रवक्ता ने बताया कि बल ने 6,250 मीटर ऊंचे पर्वत की चोटी का नाम एक पर्वतारोही सैनिक की याद में नूर्बु वांगडस शिखर रखा। लद्दाख से ताल्लुक रखनेवाले दिवंगत हेड कांस्टेबल नूर्बु वांगडस की उत्तराखंड में पर्वत चोटी गंगोत्री-1 की चढ़ाई के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से अक्टूबर 2019 में मौत हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि आइटीबीपी का गठन वर्ष 1962 में चीनी हमले के बाद किया गया। अबतक यह बल 223 पर्वतारोहण अभियान पूरा कर चुका है। यह अर्ध सैन्यबल चीन से लगी देश की 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की रक्षा करने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करता है।
हिमाचल प्रदेश के अनूप नेगी ने फहराया तिरंगा
वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के कनई निवासी आइटीबीपी (भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस) में उपसेनानी अनूप नेगी ने कमांडेंट रतन सिंह के साथ 25 सितंबर की सुबह साढ़े सात बजे गोरखा आंचल, नेपाल में पर्वत चोटी मनास्लु पर तिरंगा फहराया। यह दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई 8163 मीटर (26781 फीट) है।
Next Story