
x
नहर किनारे मिली लाश जांच आगे बढ़ी तो खुला डबल मर्डर का राज
Purniya पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में महिला की हत्या के मामले की जांच के दौरान उसकी करीब दो साल की बेटी की कथित हत्या का भी खुलासा हुआ है। मरंगा थाना क्षेत्र में नहर के पास महिला का सिर कटा शव मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी मोहम्मद मोफिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर महिला का कटा हुआ सिर और उसकी दो वर्षीय बेटी अनुष्का के शव का कंकाल भी बरामद किया गया है।
मामला कल्याणपुर चौक पुल के पास तीन नंबर नहर का है। यहां स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव देखा, जिसका सिर गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया एसएसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल और डीआईयू की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई। इसके बाद रहुआ मोगलानी निवासी मोहम्मद मोफिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूजा देवी अपने पति का घर छोड़कर आरोपी के साथ रह रही थी। आरोपी पहले से शादीशुदा बताया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि पूजा उससे शादी कर हमेशा साथ रहने की बात कह रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए सिर को धड़ से अलग कर दिया।
जांच में पूजा की दो वर्षीय बेटी अनुष्का की हत्या का आरोप भी सामने आया। आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का कंकाल बरामद किया गया। वहीं महिला की बड़ी बेटी को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उसके दादा के हवाले कर दिया है। मृतका के ससुर जलधर शर्मा की शिकायत पर मरंगा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल कथित धारदार हथियार की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Next Story





