भारत

महिला सुसाइड केस में सास ससुर और जेठानी गिरफ्तार, करते थे प्रताड़ित

Nil dhankar
10 April 2025 7:41 AM IST
महिला सुसाइड केस में सास ससुर और जेठानी गिरफ्तार, करते थे प्रताड़ित
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। वाराणसी के गोमती जोन के अंतर्गत आने वाले जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी स्टेशन के पश्चिमी छोर पर एक दिल दहला देने वाली घटना उस समय सामने आई जब वहां से गुजर रही महाकाल एक्सप्रेस के सामने 2 मासूम बच्चों के साथ एक मां ने कूदकर अपनी और अपने बच्चों के जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना का कारण पारिवारिक विवाद और पति-पत्नी का एक दूसरे के चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है.

वाराणसी के जंसा थाना अंतर्गत भदया(हाथी) गांव के रहने वाले अंगद पटेल की 30 साल की बेटी मीनू की शादी 7 साल पहले इसी क्षेत्र के हरसोस गांव के विकास पटेल के साथ हुई थी. मीनू-विकास के दो बच्चे 4 साल का विपुल और 6 साल का विप्लव भी हो गए थे. शादी के कई साल तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन विकास और उसका भाई सूरत में मेहनत मजदूरी करने चले गए. इस दौरान विकास लगातार अपनी पत्नी मीनू पर शक किया करता था. वहीं मीनू भी अपने पति पर शक किया करती थी कि उसका संबंध उसकी भाभी यानी मीनू की जेठानी से है. इसी बात को लेकर आए दिन झगड़ा हुआ करता था.

पुलिस में शिकायत करने वाले मीनू के भाई कमलेश की मानें तो विकास उसकी बहन और दो भांजो के भरण पोषण के लिए भी पैसे नहीं भेजा करता था. इसके अलावा ससुराल के अन्य लोग भी मीनू को प्रताड़ित किया करते थे. हद तो तब हो गई जब मीनू को उसके साथ ससुर और जेठानी ने घर से पीटकर बाहर निकाल दिया. इसकी शिकायत करने वह थाने पर भी पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने आश्वासन देकर मीनू को वापस भेज दिया. जब वह घर पहुंची तो ससुराल के लोगों ने उसके कमरे पर ताला लगा दिया और घर में घुसने ही नहीं दे रहे थे.

इसकी जानकारी जब मीनू ने अपने पति विकास को दी तो उसने भी अपने हाथ खड़े कर लिए. स्थिति को संभालने के लिए जब मीनू के मायके से लोग पहुंचे तो ससुराल के लोग उनसे भी गालीगलौज करने लगे. अंत में हर जगह से हार मान चुकी मीनू ने अपने दोनों बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. मीनू के भाई कमलेश की शिकायत पर पुलिस ने सास सुदामा देवी, ससुर लोधी पटेल, जेठानी रेशमा और पति विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. जिसमें से सास ससुर और जेठानी को पुलिस ने पकड़कर जेल भी भेज दिया है.


Next Story