भारत

रेलवे स्टेशन में सास की मौत, दामाद ने प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

Nil dhankar
16 Feb 2025 7:39 AM IST
रेलवे स्टेशन में सास की मौत, दामाद ने प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात को भगदड़ मच गई. जिससे 18 लोगों की मौत हो गई. जबकि कई लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस भगदड़ में बिहार के सोनपुर के रहने वाले पप्पू ने अपनी सास को खो दिया. उन्होंने बताया कि अगर उनकी सास को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया होता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी.

हादसे के बाद बदहवास पप्पू ने बताया कि मेरी सास की मौत हो गई. उनकी आयु 50 वर्ष के करीब थी. हम शाम को 4 बजे ही प्लेटफॉर्म पर आ गए थे. हम दिल्ली से बिहार के दानापुर जा रहे थे. दानापुर से सोनपुर जाते और प्लेटफॉर्म 15 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. इसी बीच करीब 9 बजे के आसपास भगदड़ मच गई. जिससे कई लोग दब गए.

जिस वक्त भगदड़ मची उस वक्त पुलिस और प्रशासन के लोग भी मौजूद नहीं थे. जो लोग दबे हुए थे, उन्हें उनके परिजन ही निकाल रहे थे. मेरी सास भी भगदड़ में दब गई थीं और बेहोश हो गई. लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची. अगर एंबुलेंस समय पर आ जाती और उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो उनकी जान बच सकती थी. पप्पू के अनुसार रेलवे स्टेशन पर सबकुछ ठीक था. लेकिन अचानक से भीड़ आ गई. जिससे भगदड़ मच गई और लोग दब गए.

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं.'

Next Story