भारत

बेटी के ससुराल पहुंचकर किया हंगामा, एक की हुई मौत

Nilmani Pal
1 May 2022 1:15 AM GMT
बेटी के ससुराल पहुंचकर किया हंगामा, एक की हुई मौत
x
जांच जारी

यूपी। अलीगढ़ जिले के चंडौस थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को मायके वालों ने ससुरालियों के घर धावा बोल दिया। जिसमें महिला के ससुर की मारपीट के बाद मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। बाद में थाने पहुंचकर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए चार को हिरासत में ले लिया गया।

एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गांव जामुन निवासी सगीर ने अपने दो बेटों यासीन व नासिर का निकाह बुलंदशहर के थाना अहमदगढ के गांव बरारी निवासी दो बहनों से किया था। शादी के बाद यासीन अपनी पत्नी के साथ सही ढंग से रह रहा है। लेकिन नासिर का आये दिन अपनी पत्नी से विवाद होता रहा है। इस बात को लेकर गांव में कई बार मायके पक्ष के लोग आ चुके है। पुलिस भी हस्तक्षेप कर चुकी है। लेकिन स्थिति जस की तस बनी थी। शुक्रवार की शाम रोजा इफ्तार में खाने को लेकर पति-पत्नी में कुछ विवाद हो गया था।

विवाद इतना बढा कि पत्नी निशा ने मायके पक्ष को फोन कर शनिवार सुबह बुला लिया। मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी के साथ मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मायके पक्ष की ओर से सगीर व परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। मारपीट के बीच सगीर ने भागकर जान बचाने का प्रयास किया, इसी बीच वह बेहोश होकर नीचे गिर पडा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसको लेकर थाने पहुंची, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। उधर, सगीर की मौत की खबर परिवार में पहुंची तो परिजनों का आक्रोश फूट पडा। उन्होंने पहले आरोपियेां की गाड़ी में तोड़फोड़ की। उसके बाद थाने पहुंचकर हंगामा किया और पथराव किया। इस बीच पुलिस ने लाठियां फटकार हंगामा कर रहे लोगों को वहां से खदेडा।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया, प्रकरण में मृतक के बेटे की तहरीर पर मायके पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच चंडौस थाने से हटाकर गभाना थाने को एसपी सिटी के निर्देशन में सौपी गई है।

एसपी सिटी कुलदीप गुनावत ने बताया, थाने के बाहर किसी तरह का पथराव नहीं हुआ है। न ही लाठीचार्ज किया गया है। प्रकरण में पांच लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। जिनमें चार लेागों को हिरासत में ले लिया गया है।

Next Story