
x
पुलिस जांच में जुटी
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। थेरगांव-वाकड इलाके की सिग्नेचर पार्क सोसायटी में 33 वर्षीय महिला और उसके छह वर्षीय बेटे की 18वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई इस घटना के बाद पूरी सोसायटी में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय एकता भांगड और उनके छह वर्षीय बेटे माधव भांगड के रूप में हुई है। एकता अपने पति मनोज भांगड और बेटे के साथ सोसायटी की सातवीं मंजिल पर रहती थीं। परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एकता के पति मनोज पुणे के यरवदा स्थित एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह कार्यालय चले गए थे। उस समय घर पर एकता और माधव मौजूद थे। शाम करीब 6:30 बजे सोसायटी के डक्ट की ओर से तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां मां-बेटे नीचे पड़े मिले। इसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
वाकड पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज की जांच में एकता अपने बेटे के साथ लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर जाती दिखाई दीं। पुलिस को 18वीं मंजिल की गैलरी में रेलिंग के पास मां-बेटे के जूते-चप्पल भी मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने अभी घटना के कारणों की अंतिम पुष्टि नहीं की है। पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से सोसायटी के निवासी स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





