भारत

इन राज्यों में कल दस्तक दे सकता है मानसून, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Kunti Dhruw
13 Jun 2021 4:27 PM GMT
इन राज्यों में कल दस्तक दे सकता है मानसून, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
x
मौसम विभाग

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से कानपुर समेत आसपास के शहरों उन्नाव, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, हरदोई, इटावा, औरैया, जालौन, चित्रकूट, फतेहपुर, फर्रुखाबाद आदि जगहों पर मानसून दस्तक दे सकता है। 50 वर्षों में ऐसा पहली बार होगा, जब मानसून निर्धारित समय से 15 दिन पहले आ जाएगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉक्टर एसएन पांडेय के अनुसार उत्तर भारत में मानसून इस बार काफी पहले पहुंच रहा है। दक्षिण पश्चिमी मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कानपुर में रविवार देर रात तक आने की संभावना है। रविवार को सुबह से ही कानपुर में बादल छाए रहे। वहीं आसपास के क्षेत्रों में भी बदली रही। मौसम विभाग की मानें तो इस मानसून के दक्षिणी राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छाने की उम्मीद है। इस साल पूरे देश में जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून से सामान्य बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में उत्तर-पश्चिम की तरफ कम दबाव का क्षेत्र बनने से देश के कई राज्यों में मानसून समय से पहले पहुंच गया है। ओडिशा और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
इसी तरह अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार लुढ़क रहा अधिकतम तापमान
पिछले कई दिनों से लगातार मौसम में परिवर्तन के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन का पारा दो डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 32.4 डिग्री पर आ गया।
यह सामान्य तापमान से सात डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान पिछले तीन दिन से 26 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। इसकी वजह रात में छाने वाले बादल हैं।
Next Story