भारत
मुंबई में मोनोरेल सेवा अस्थायी रूप से बंद, यात्रियों ने नाराजगी जताई
jantaserishta.com
20 Sept 2025 11:52 AM IST

x
मुंबई: मुंबई में मोनोरेल सेवा को शनिवार से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने तकनीकी समस्याओं, यात्री सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सुधार की जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि, इस फैसले से यात्रियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है, क्योंकि अब उन्हें बसों के माध्यम से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
दादर के विट्ठल मंदिर मोनो रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने अपनी परेशानियों के बारे में बताया। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में एक यात्री ने कहा, "मोनोरेल बंद होने से हमारी मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह सफर का आसान और तेज साधन था, लेकिन अब बसों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जो समय पर नहीं मिलतीं।"
एक अन्य यात्री ने बताया, "मोनोरेल बंद होने के कारण बस से आना-जाना हो रहा है, लेकिन बस समय पर नहीं मिलती है। मोनोरेल के कारण जल्दी काम पर आ जाते थे। इससे सफर भी आसान होता था और ट्रैफिक की परेशानी भी नहीं झेलनी पड़ती थी।"
एमएमआरडीए के अनुसार, मोनोरेल में बार-बार आने वाली तकनीकी खामियों के कारण यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवा को बंद करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, बड़े पैमाने पर रखरखाव और सुधार कार्य शुरू करने की योजना बनाई गई है। इससे पहले भी तकनीकी समस्याओं के चलते यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
पिछले कुछ हफ्तों में तकनीकी समस्याओं के कारण सेवाओं में रुकावटें आई थीं। इसके समाधान के लिए एमएमआरडीए ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया था। जानकारी के अनुसार, मुंबई मोनोरेल में पहली बार स्वदेशी रूप से हैदराबाद में विकसित सीबीटीसी सिग्नलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। 5 इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग 32 स्थानों पर लगाए जा चुके हैं, जिसका परीक्षण जारी है। 260 वाई-फाई एक्सेस पॉइंट्स, 500 आरएफआईडी टैग्स, 90 ट्रेन डिटेक्शन सिस्टम और कई डब्ल्यूएटीसी यूनिट्स पहले ही स्थापित हो चुकी हैं। वे-साइड सिग्नलिंग का काम पूरा हो चुका है। अब एकीकृत परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है।
यात्रियों ने मांग की है कि मोनोरेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, क्योंकि यह शहर के भीड़भाड़ वाले यातायात में एक सुविधाजनक और किफायती विकल्प था। हालांकि, एमएमआरडीए ने सेवा बहाली की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है।
Tagsमुंबई में मोनोरेल सेवा अस्थायी रूप से बंदमोनोरेल सेवाMonorail services temporarily suspended in MumbaiMonorail services
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





