भारत

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर बोले मोहन यादव, कहा

SHIDDHANT
9 Jun 2026 8:57 PM IST
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर बोले मोहन यादव, कहा
x
Bhopal भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उम्मीदवार द्वारा कथित रूप से महत्वपूर्ण जानकारी छिपाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ छल करने जैसा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार ने जानबूझकर अपने खिलाफ लंबित मामले की जानकारी नामांकन पत्र में नहीं दी। उन्होंने इसे "आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने का पाप" बताते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई मामला हो तो उसकी जानकारी हलफनामे में देना अनिवार्य है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से तथ्यों को छिपाकर निर्वाचन अधिकारी को भ्रमित करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी आधार पर जो निर्णय लिया गया है, वह पूरी तरह उचित है और उसका स्वागत किया जाना चाहिए। मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को इस पूरे मामले पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को चुनाव में हार का अंदेशा था और पर्याप्त समर्थन नहीं होने के कारण उसने इस तरह की रणनीति अपनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपने आचरण के लिए मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि निर्वाचन अधिकारी ने उपलब्ध तथ्यों और नियमों के आधार पर फैसला लिया है और लोकतांत्रिक संस्थाओं के निर्णयों का सम्मान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लगातार गलत रास्ते पर चलने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को उसके राजनीतिक व्यवहार की कीमत चुकानी पड़ रही है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस इस फैसले को चुनौती देने की तैयारी में है, जबकि भाजपा इसे नियमों के अनुरूप लिया गया निर्णय बता रही है।
Next Story