भारत

मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला

SHIDDHANT
7 Aug 2026 9:55 PM IST
मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला
x
Dehradun देहरादून: केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने गरीबी उन्मूलन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि 58 करोड़ से अधिक लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे महिलाओं को धुएं से राहत मिली और स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ा।
रामदास अठावले ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 4 करोड़ से अधिक घर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आगामी वर्षों में 3 करोड़ और आवास उपलब्ध कराना है, ताकि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर मिल सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आगे भी देश के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेंगी।
Next Story