
x
फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए जरूरी होगा E85
Delhi दिल्ली: केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली में पहला E85 फ्यूल स्टेशन शुरू किया है, जहां ईंधन पेट्रोल से करीब 20 रुपये सस्ता मिलेगा। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इंडियन ऑयल के पुसा रोड आउटलेट पर इस स्टेशन का उद्घाटन किया। E85 ईंधन में 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल होता है। इसके उपयोग से कच्चे तेल पर निर्भरता घटती है और ईंधन की लागत कम होती है।
दिल्ली में E85 की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है, जो E20 पेट्रोल से करीब 20 रुपये सस्ता है। E20 में 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल मिश्रित होता है। E85 का उपयोग सामान्य पेट्रोल वाहनों में नहीं किया जा सकता; इसके लिए विशेष फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की आवश्यकता होती है। ग्राहकों के लिए डिस्पेंसर पर अलग ब्रांडिंग और विशेष लेबलिंग की गई है ताकि भ्रम न हो।
सरकार का लक्ष्य ईंधन विकल्पों का नेटवर्क बढ़ाना है। हरदीप पुरी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर, पुणे, मुंबई और नागपुर में 50 से 100 इथेनॉल ईंधन स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं और 2026 के अंत तक यह संख्या 500 तक पहुंच जाएगी। यदि यूरो 6 स्टैंडर्ड वाहनों को E100 ईंधन के अनुकूल बनाया जा सके, तो भारत का कच्चे तेल आयात लगभग 120 अरब अमेरिकी डॉलर तक कम हो सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की संख्या बढ़ेगी, E85 भारत में सस्ते, स्वदेशी और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन के रूप में अहम विकल्प बन सकता है। इसके अलावा, इथेनॉल का उत्पादन कृषि आधारित कच्चे माल से होता है, जिससे किसानों को भी लाभ मिलेगा और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
Next Story





