भारत

मोबाइल स्नैचिंग और टप्पेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 28 मोबाइल और स्कूटी बरामद

jantaserishta.com
4 July 2026 5:22 PM IST
मोबाइल स्नैचिंग और टप्पेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; 28 मोबाइल और स्कूटी बरामद
x
खुलासा हुआ.
नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी के 28 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एच ब्लॉक क्षेत्र में अभियान चलाकर रोहित कुमार, गौरव कुमार और रवेन्द्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से मोबाइल फोन चोरी, टप्पेबाजी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। तीनों आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में लोगों की असावधानी का फायदा उठाकर मोबाइल फोन चोरी करते थे।
वहीं, रात के समय सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन इकट्ठा कर उन्हें बेहद कम कीमत पर राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी का हवाला देकर बेच देते थे, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। आरोपियों के इस तरीके से कई लोगों को सस्ते मोबाइल के नाम पर ठगा भी जाता था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 28 चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा दिल्ली के कोतवाली नॉर्थ क्षेत्र से चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी के संबंध में दिल्ली में पहले से मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार (28 वर्ष) मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है और बीए पास होने के साथ प्लंबर का काम करता है। दूसरा आरोपी गौरव कुमार (31 वर्ष) बुलंदशहर का निवासी है तथा एक हेलमेट निर्माण कंपनी में कार्यरत है। तीसरा आरोपी रवेन्द्र (36 वर्ष) बदायूं का रहने वाला है और ई-रिक्शा चलाता है।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी रोजगार करने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार रखने, आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। बरामद स्कूटी भी चोरी की निकली है, जिसकी रिपोर्ट दिल्ली में दर्ज है।
नोएडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस तरह की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story