भारत

हाथापाई करने वाले विधायक गिरफ्तार, बैठक में हुआ था विवाद

Nilmani Pal
6 July 2025 7:32 AM IST
हाथापाई करने वाले विधायक गिरफ्तार, बैठक में हुआ था विवाद
x
पढ़े पूरी खबर

गुजरात। नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा प्रांत ऑफिस में आयोजित ATVT की संकलन मीटिंग के दौरान विधायक चैतर वसावा और तालुका पंचायत प्रमुख संजय वसावा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई और कथित तौर पर हाथापाई के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चैतर वसावा को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, चैतर को हिरासत में लिए जाने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया कि विसावदर उपचुनाव में आप के हाथों हार के बाद बीजेपी बौखलाई हुई है.

डेडियापाडा तालुका पंचायत कार्यालय में आयोजित ATVT संकलन समिति की बैठक में विवाद तब शुरू हुआ, जब विधायक चैतर वसावा ने व्यापारी अक्षय जैन सहित छह सदस्यों को समिति में शामिल करने और उनके कामों को मंजूरी देने पर सवाल उठाए.

चैतर ने दावा किया कि कमेटी में इन 6 सदस्यों के चयन को लेकर विरोध हुआ था और चुने हुए सदस्य ही कमेटी में रहे इस बात को लेकर चर्चा शुरू हुई थी. और बारिश के मौसम को देखते हुए दो हफ्ते तक कोई आयोजन न करने का फैसला लिया गया था. इसके बावजूद तालुका पंचायत प्रमुख संजय वसावा ने कहा कि ये कमिटी के सदस्य है, हमने तय किया है. इनके काम किए जाएंगे और मीटिंग भी होगी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई जो कथित तौर पर हाथापाई तक पहुंच गई. चैतर के समर्थकों और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी का आरोप है कि चैतर के साथ हाथापाई की गई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत न सुनकर उनके खिलाफ ही शिकायत दर्ज कर ली. पुलिस और प्रशासन ने बीजेपी के साथ मिलकर लोकतंत्र की हत्या की है. चैतर को उनके वकील से नहीं मिलने दिया गया.

ईशुदान गढ़वी ने डीजीपी से अपील करते हुए कहा कि चैतर पर हमला करने वालों के खिलाफ एफआईआर हो और चैतर को मुक्त किया जाए.


Next Story