
x
वीडियो हुआ वायरल.
राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जनसमस्या निवारण शिविर में गांवों में पानी की आपूर्ति का मुद्दा गरमा गया। राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने जल निगम के अधिकारी यूके चौधरी को फटकार लगाते हुए सवाल किया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी गांवों में नल से पानी क्यों नहीं आ रहा है।
विधायक ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियां बनाने के बाद ठेकेदार को पूरा भुगतान किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद गांवों में जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। उन्होंने अधिकारी से व्यवस्था सुधारने और अपनी गलती स्वीकार करने को कहा।
विधायक बोले- एक भी गांव में नल चालू नहीं
शिविर में विधायक अमर सिंह यादव ने जल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारी से कहा, "तुमने पूरा जल निगम बर्बाद कर रखा है। एक भी गांव में नल चालू नहीं है। अपना मैनेजमेंट सुधारो, अपनी गलती सुधारो।"
विधायक और अधिकारी के बीच तीखी बहस के दौरान एक ग्रामीण भी नाराज हो गया। ग्रामीण ने कहा कि संबंधित पाइपलाइन में अगर एक बूंद भी पानी पहुंच रहा है, तो वह इसके लिए कोई भी सजा भुगतने को तैयार है। विधायक ने अधिकारी से कहा कि उनके सामने सरपंच गलत बात नहीं कह रहे हैं। उन्होंने जल निगम के जीएम यूके चौधरी से अपनी गलती स्वीकार करने को कहा।
कलेक्टर ने बीच-बचाव कर संभाली स्थिति
विधायक और अधिकारी के बीच बहस बढ़ने पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बीच-बचाव किया और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान विधायक अमर सिंह यादव ने कलेक्टर से कहा कि जब अधिकारी जनप्रतिनिधियों के सामने इस तरह व्यवहार करते हैं, तो आम जनता के साथ उनका रवैया कैसा होता होगा। शिविर में गांवों तक पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा चर्चा का प्रमुख विषय रहा।
शिविर में अधिकारियों ने सुनीं लोगों की शिकायतें
मुख्यमंत्री जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक हजारीलाल दांगी, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और एसपी अमित तोलानी ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया गया
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ दिया गया। उद्यम क्रांति योजना के तहत रोहित सेन के लिए 6 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से फूड बास्केट और स्कूली बच्चों को बैग दिए गए। संबल योजना के तहत चार हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। शिविर में कुछ नए पंजीयन भी किए गए।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान गांवों में जलापूर्ति नहीं होने और इस मुद्दे पर विधायक अमर सिंह यादव तथा जल निगम के अधिकारी यूके चौधरी के बीच हुई तीखी बहस की सबसे अधिक चर्चा रही।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





