भारत
मिस वर्ल्ड 2026 का आज ग्रैंड फिनाले, भारत की निकिता पोरवाल पर नजर
jantaserishta.com
5 Sept 2026 3:36 PM IST

x
नई दिल्ली: मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले आज वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित होगा। इस बार भारत की ओर से निकिता पोरवाल प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। भारत में इस प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। लाइवस्ट्रीम शाम 5:30 बजे से शुरू होगी। यह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 73वां संस्करण है और आयोजन संस्था की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है।
पिछले साल थाईलैंड की ओपल सुचाता बनी थीं विजेता
मिस वर्ल्ड 2025 का फिनाले 31 मई को हैदराबाद के हाइटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में हुआ था। इसमें 108 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने खिताब जीता था। इथियोपिया की हासेट डेरेज फर्स्ट रनर-अप, पोलैंड की माजा क्लाज्दा सेकेंड रनर-अप और मार्टिनिक की ओरेली जोआचिम थर्ड रनर-अप रही थीं।
मिस वर्ल्ड 2024 क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने ओपल सुचाता को ताज पहनाया था। खिताब जीतने के बाद ओपल ने इसे उन युवा लड़कियों की जीत बताया था, जो अपनी आवाज उठाकर बदलाव लाना चाहती हैं।
पिछले साल भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप-20 तक पहुंची थीं, लेकिन टॉप-8 में जगह नहीं बना सकीं। हालांकि उन्होंने टॉप मॉडल का खिताब अपने नाम किया था। फिनाले में अभिनेता सोनू सूद को सामाजिक कार्यों के लिए मिस वर्ल्ड ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड मिला था और वह जूरी का हिस्सा भी थे। जैकलीन फर्नांडिस और ईशान खट्टर ने भी कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी।
बिकिनी कॉन्टेस्ट से हुई थी मिस वर्ल्ड की शुरुआत
मिस वर्ल्ड का इतिहास भी काफी दिलचस्प और विवादों से भरा रहा है। 1951 में ब्रिटेन के टीवी होस्ट एरिक मोर्ले ने फेस्टिवल ऑफ ब्रिटेन के दौरान बिकिनी को बढ़ावा देने के लिए एक कॉन्टेस्ट कराया था। इसमें 27 मॉडल शामिल हुई थीं। विदेशी मीडिया ने इसे मिस वर्ल्ड नाम दिया और स्वीडन की कर्स्टीन मार्गरेटा उर्फ कीकी हकानसन पहली विजेता बनीं।
टीवी पर प्रसारण के बाद तत्कालीन पोप ने प्रतियोगिता की आलोचना की। कई देशों ने अपनी प्रतिभागियों को भेजने से भी इनकार कर दिया। बाद में प्रतियोगिता को आधिकारिक तौर पर मिस वर्ल्ड नाम से रजिस्टर कराया गया और 1952 से विवाद कम करने के लिए बिकिनी की जगह स्विमसूट का इस्तेमाल किया जाने लगा।
1970 में मंच पर प्रदर्शन और बम की घटना
1970 का साल मिस वर्ल्ड के इतिहास में खास विवादों वाला रहा। लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में प्रतियोगिता के दौरान करीब 60 महिला अधिकार प्रदर्शनकारी मंच पर पहुंचीं और आटा बम फेंके, जिसके बाद कार्यक्रम कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इससे पहले हॉल के बाहर BBC की ब्रॉडकास्ट वैन पर भी बम हमला हुआ था। दोनों घटनाओं में किसी के नुकसान की जानकारी नहीं थी।
इसी साल ग्रेनाडा की जेनिफर होस्टन मिस वर्ल्ड जीतने वाली पहली अश्वेत महिला बनीं। उनके जीतने के बाद भी प्रतियोगिता पर सवाल उठे और BBC को परिणाम के विरोध में कई पत्र मिले।
कभी खिताब छीना गया, कभी प्रतियोगिता रद्द हुई
1973 में अमेरिका की मार्जोरी वैलेस ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता, लेकिन करीब 104 दिन बाद उनसे ताज वापस ले लिया गया। वहीं 1980 में जर्मनी की गैब्रिएला ब्रूम से जुड़ी तस्वीरों के विवाद के बाद उन्हें भी खिताब लौटाना पड़ा।
साल 2000 में नाइजीरिया में प्रतियोगिता आयोजित होनी थी, लेकिन वहां धार्मिक दंगों के बाद कार्यक्रम को लंदन स्थानांतरित करना पड़ा। 2020 में कोरोना महामारी के कारण प्रतियोगिता रद्द हुई, जबकि 2021 में कई प्रतिभागियों के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद फिनाले स्थगित कर दिया गया और अगले साल इसका आयोजन हुआ।
प्रियंका चोपड़ा की जीत भी विवादों में आई
साल 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। हालांकि, 22 साल बाद उनकी साथी प्रतिभागी लीलानी मेककॉने ने प्रतियोगिता के परिणाम को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने आयोजकों पर प्रियंका को विशेष व्यवहार मिलने का दावा किया था।
अब 2026 के फिनाले में भारत की निकिता पोरवाल पर देश की नजरें हैं। वियतनाम में होने वाले इस मुकाबले में वह भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाली लाइवस्ट्रीम के जरिए दर्शक इस फिनाले को देख सकेंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





