
x
पुलिस ने शुरू की गहन जांच
Singrauli सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ विनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत से सनसनी फैल गई है। मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ इलाके में रविवार सुबह निधि का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
30 वर्षीय निधि तिवारी मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली थीं और सिंगरौली में अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थीं। वह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 7 लाख 12 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह डांस रील्स और सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए लोगों के बीच पहचान बना चुकी थीं।
पुलिस के मुताबिक, निधि ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट में उन्होंने खुद से प्यार करने और खुद की पहचान तलाशने जैसी बातें लिखी थीं। उनकी इस पोस्ट के बाद परिजनों और परिचितों में चिंता बढ़ गई।
फोन पर बहस के बाद पोस्ट करने का दावा
निधि की मां लता तिवारी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे निधि की दिल्ली निवासी सोनू सिंह नाम के युवक से फोन पर बातचीत हुई थी। मां के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस हुई थी। परिजनों ने बताया कि फोन कॉल के बाद निधि ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट डाली और खुद को कमरे में बंद कर लिया। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच परिजनों ने उन्हें खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और अकेला छोड़ने की बात कही।
इसके बाद परिवार के लोग सोने चले गए। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो निधि का शव फंदे पर लटका हुआ था।
2024 में जीता था मिस प्रिटी इंडिया का खिताब
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं। वह कई स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होती थीं और ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा ले चुकी थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीता था। निधि का सपना फिल्मों में बतौर अभिनेत्री काम करने का था। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही थी और बड़ी संख्या में लोग उनके वीडियो और पोस्ट को पसंद करते थे।
पुलिस जुटा रही जानकारी
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए निधि के फोन कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थीं और उनकी आखिरी बातचीत किन परिस्थितियों में हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच जारी रखी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





