घर से भगाया और प्रेमिका का किया मर्डर, नाबालिग प्रेमी गिरफ्तार

प्रयागराज। मऊआइमा थानाक्षेत्र के सराय बादशाह कुली समीप शारदा सहायक नहर के पास झाड़ियों में पुलिस ने गुरुवार को एक नाबालिग लड़की का कंकाल बरामद किया। आरोप है कि लड़की को 20 अप्रैल को उसके नाबालिग प्रेमी ने कत्ल कर शव झाड़ियों में छुपा दिया था। आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस को घटनास्थल से करीब 17 दिन बाद लड़की का कंकाल मिला। मृतका के परिजनों ने कपड़े के आधार पर शिनाख्त की। पुलिस नाबालिग हत्यारोपी को अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
सरायइनायत थानाक्षेत्र के ऑटो चालक की 17 वर्षीय बेटी नौवीं की छात्रा थी। उसका बहरिया के नाबालिग लड़के से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने आपत्ति जताई थी। इसी बीच 20 अप्रैल को लड़की लापता हो गई। परिजनों ने 21 अप्रैल को सरायइनायत थाने में बहरिया के लड़के के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। आरोप लगाया कि घर से दो हजार रुपये और लाखों के जेवरात भी गायब हैं। पुलिस ने आरोपी लड़के को बुधवार रात पकड़कर पूछताछ की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। पुलिस की पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया कि लड़की शादी का दबाव बना रही थी। उससे छुटकारा पाने की नीयत से 20 अप्रैल को उसे भगा ले गया था। उसी रात शारदा सहायक नहर के पास ले जाकर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से भी कई वार किए। फिर लाश को गड्ढे में फेंक ऊपर से झाड़ियां डाल दीं, ताकि कोई उसे देख न सके। आरोपी की निशानदेही पर एसीपी थरवई अरुण पाराशर, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर शव बरामद कर पड़ताल की।
हत्यारोपी ने 20 अप्रैल की रात ही नृशंस हत्या कर शव झाड़ियों के बीच फेंक दिया था। करीब 17 दिन में आवारा कुत्ते व कौवों ने शव को नोच डाला। यहां तक कि लड़की के शरीर के कई अंग तक नहीं मिले। कंकाल के अवशेष समेटकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा। अपनी बेटी का कंकाल देख परिजन बेसुध हो गए।





