भारत

चुनौतियों पर चर्चा के लिए रक्षा मंत्रालय का चिंतन शिविर

jantaserishta.com
18 Jun 2023 4:08 PM IST
चुनौतियों पर चर्चा के लिए रक्षा मंत्रालय का चिंतन शिविर
x
नई दिल्ली: राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए व्यापक दृष्टिकोण और साइबर सुरक्षा की चुनौतियों पर रक्षा मंत्रालय महत्वपूर्ण चर्चा और चिंतन करने जा रहा है। दरअसल रक्षा मंत्रालय बेहतर शासन और अपने विभागों के सामने आने वाले विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर चर्चा के लिए चिंतन शिविर आयोजित करेगा। 19 जून और 20 जून को नई दिल्ली में इसका आयोजन होगा। रक्षा विभाग, रक्षा उत्पादन विभाग, सैन्य मामलों का विभाग, पूर्व सैनिक कल्याण विभाग ने कई विषय वस्तुओं की पहचान की है। इन विषयों पर विख्यात विशेषज्ञ, मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अपने विचारों को साझा करेंगे।
चिंतन शिविर का आयोजन कामकाज के लिए नए विचारों को प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ही किया जा रहा है। इस दौरान रक्षा मंत्रालय जिन विषयों पर विचार विमर्श करेगा उनमें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए व्यापक ²ष्टिकोण, साइबर सुरक्षा चुनौतियां, राष्ट्रीय सूचना सुरक्षा नीति और दिशानिर्देश, निष्पादन लेखापरीक्षा, सैनिक स्कूल शिक्षा प्रणाली व रक्षा अधिग्रहण में क्षमता निर्माण शामिल है। रक्षा उत्पादन विभाग जिन विषय पर चर्चा करेगा, उनमें उत्पादन और रक्षा निर्यात को बढ़ाना, आत्मनिर्भरता में वृद्धि करना, स्वदेशीकरण के लिए भविष्य की कार्ययोजना, औद्योगिक इकोसिस्टम और कुशल कार्यबल, सबको समान अवसर प्रदान करने में वृद्धि व गुणवत्ता सुधार शामिल हैं।
वहीं सैन्य मामलों का विभाग की लिस्ट में मानव संसाधन पहलुओं को एकीकृत और इष्टतम करने, अधिक समन्वय अर्जित करने की दिशा में प्रशिक्षण और प्रचालनगत मुद्दों तथा रणनीतिक कार्यक्षेत्रों में सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और क्षमता संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इनमें औपनिवेशिक प्रथाओं तथा अप्रचलित कानूनों की पहचान करना और उन्हें समाप्त करना तथा सशस्त्र बलों के कामकाज में देश के अपने लोकाचारों और प्रचलनों को और अधिक सन्निहित करना भी शामिल है। पूर्व सैनिक कल्याण विभाग पूर्व सैनिकों के लिए बेहतर पेंशन सेवाओं तथा अन्य कल्याणकारी उपायों के लिए स्पर्श का लाभ उठाना, रोजगारपरकता में सुधार लाने के द्वारा पूर्व सैनिकों का पुनर्वास और पूर्व सैनिकों द्वारा सूक्ष्म उद्यमों की शुरूआत के लिए उद्यमशीलता को बढ़ावा देने व पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे विषयों पर चर्चा करेगा।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक चिंतन शिविर का समापन विभिन्न विभागों में संगठनात्मक दक्षता बढ़ाने के लिए विचारों तथा सुझावों को आमंत्रित करने के लिए एक खुले सत्र के साथ होगा। इस कार्यक्रम का आयोजन अभी तक अर्जित किए गए लक्ष्यों का वास्तविक समय लेखा परीक्षण करने और वास्तविक समय सीमा में वांछित लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता निकालने के सरकार के निदेशरें के अनुरुप किया जा रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story