भारत

मंत्री ले रहे थे ऑनलाइन मीटिंग, अधिकारी हो गए लॉगआउट, सस्पेंड की कार्रवाई

Nil dhankar
24 Aug 2025 6:54 AM IST
मंत्री ले रहे थे ऑनलाइन मीटिंग, अधिकारी हो गए लॉगआउट, सस्पेंड की कार्रवाई
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की मीटिंग में किसी और से बात करना एक्सईएन को महंगा पड़ गया। वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) के दौरान दूसरे से बात करने पर नजर पड़ते ही अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय (रुधौली) रामनरेश को एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी शंभू कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्य अभियंता विद्युत वितरण जोन बस्ती वीके गुप्ता ने बताया कि वीसी के दौरान किसी और से बात करने को अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में 20 अगस्त को क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मरों को समय पर बदलने, परिवर्तकों की कार्यशाला में उपलब्धता और टोल फ्री नंबर-1912 पर प्राप्त उपभोक्ता केंद्रित समस्याओं के निस्तारण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान चर्चा हो रही थी। चर्चा के दौरान अधिशासी अभियंता रामनरेश किसी बाहरी व्यक्ति से बात करने लगे। आरोप है कि उन्होंने वीसी को बीच में ही छोड़ दिया।

एक्सईएन रामनरेश की इस हरकत पर अधिकारियों की नजर थी। एमडी ने इसे अनुशासनहीनता माना और एक्सईएन को उपभोक्ता केंद्रित समस्याओं के निस्तारण एवं कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और शिथिलता बरतने का दोषी मानते हुए 22 अगस्त को निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ अग्रेतर जांच एवं अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्हें एमडी कार्यालय वाराणसी से संबद्ध कर दिया गया है। एक्सईएन के खिलाफ इस ऐक्शन से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि पूर्व में ऊर्जा मंत्री ने कई बार बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों को जनता की समस्याओं और शिकायतों के प्रति लापरवाह बताते हुए अपनी नाराजगी जताई थी। हाल ही में बस्ती में एक उपभोक्ता से लापरवाही से बात करने का ऑडियो वायरल होने के बाद खुद ऊर्जा मंत्री ने उसे ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दिया था। तब एसई के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

Next Story