भारत
ब्लैक पैंथर के शावक का मंत्री उदय सामंत ने किया निरीक्षण, वन विभाग के रेस्क्यू अभियान की सराहना
jantaserishta.com
18 Nov 2026 9:46 AM IST

x
रत्नागिरी: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के चिपलूण तालुका स्थित उमरोली गांव में कुएं में गिरे दुर्लभ ब्लैक पैंथर के शावक को वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी जांच की और स्वास्थ्य विभाग उसकी देखरेख कर रहा है।
रत्नागिरी के पालक मंत्री और राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने इस सफल रेस्क्यू अभियान के बाद चिपलूण स्थित वन विभाग के कार्यालय पहुंचकर ब्लैक पैंथर के शावक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से शावक के स्वास्थ्य और उसकी देखभाल के संबंध में जानकारी भी ली।
पालक मंत्री उदय सामंत ने इस दौरान वन विभाग की टीम के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्लैक पैंथर वन्यजीवों की अत्यंत दुर्लभ प्रजाति है। ऐसे वन्यजीवों का संरक्षण करना बेहद जरूरी है। पिछले दो से तीन महीनों के दौरान रत्नागिरी जिले में दूसरी बार इस दुर्लभ प्रजाति के दिखाई देने की घटना सामने आई है। यह क्षेत्र की जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में वन विभाग को दुर्लभ वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए और उनके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, वन्यजीवों के सुरक्षित आवास और उनके प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
गौरतलब है कि चिपलूण तालुका के उमरोली गांव में एक ब्लैक पैंथर का शावक अचानक कुएं में गिर गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए शावक की जान बचाई।
शावक की कम उम्र को देखते हुए फिलहाल उसके पालन-पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी वन विभाग ने अपने हाथों में ली है। विभाग की टीम उसकी सेहत, खानपान और सुरक्षा का विशेष ध्यान रख रही है, ताकि उसका समुचित विकास हो सके।
वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से एक दुर्लभ वन्यजीव की जान बचने पर वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है। वहीं, पालकमंत्री उदय सामंत ने भी स्पष्ट किया कि दुर्लभ वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रशासन और वन विभाग को मिलकर लगातार प्रयास करने होंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





