भारत

मंत्री और सांसद मंच में ही भिड़ गए, पुलिस अफसर ने कराया शांत

Nilmani Pal
12 May 2026 3:30 PM IST
मंत्री और सांसद मंच में ही भिड़ गए, पुलिस अफसर ने कराया शांत
x
वीडियो

मऊ। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद राजीव राय भिड़ गए। सोमवार को मेमू ट्रेन के उद्घाटन समारोह के मंच पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में सपा सांसद ने उंगली दिखाते हुए कहा- मंत्री जी, यह ठीक नहीं है। मैं यहां का सांसद हूं। मेरे सामने ही मेरे कार्यकर्ताओं को पुलिस धक्का दे रही है। आप मंत्री हो गए हैं तो आपको अहंकार हो गया है। यह घमंड ठीक नहीं है।

मंच पर मौजूद नेताओं और अफसरों ने दोनों को शांत कराया। सपा और भाजपा कार्यकर्ता भी आपस में भिड़ गए। जमकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। किसी तरह पुलिस और आरपीएफ ने हालात संभाले। शाम 4 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हंगामे के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा,सपा की गुंडई और जबरदस्ती को जनता देख रही है। क्षेत्र में हो रहे सभी विकास कार्य भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम योगी के नेतृत्व में कराए जा रहे हैं। सपा केवल इन कार्यों का श्रेय लेने के लिए इस तरह का विरोध और हंगामा कर रही है।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मधुबन विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसी बीच दोहरीघाट–औड़िहार मेमू ट्रेन को मंजूरी मिल गई। इस ट्रेन के चलने से इलाके के लोगों को सीधा फायदा होगा, क्योंकि वाराणसी की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। ट्रेन को लेकर अब श्रेय लेने की होड़ मच गई है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और घोसी के सांसद राजीव राय दोनों इसे अपनी उपलब्धी बता रहे हैं। ट्रेन के उद्घाटन से पहले ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- उन्होंने पहले ही बताया था कि मऊ-दोहरीघाट की जनता को कुछ और भी मिलेगा। इस मुद्दे पर उनकी रेल मंत्री से पहले भी बातचीत हुई थी और अब मंजूरी मिल गई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का धन्यवाद किया।


Next Story