भारत

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Nilmani Pal
14 April 2024 12:57 AM GMT
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
x
पढ़े पूरी खबर
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को मौसम ने करवट ली। दोपहर में गर्मी से परेशान लोगों को शाम के समय थोड़ी राहत मिली। तेज हवा के साथ बादल बरसे तो तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिन गर्मी से राहत की उम्मीद है। रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा था। दोपहर में तेज धूप निकली और लोग परेशान नजर आए। करीब 3 बजे के बाद काले बादल छाने लगे और 4 बजे के बाद तेज हवा के साथ मौसम पूरी तरह से बदल गया। इसके बाद दिल्ली के अधिकांश इलाकों में तेज बारिश हुई। कई जगह लगभग एक घंटे तक बारिश हुई। इस वजह से मौसम सुहाना हो गया। बारिश के दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। रविवार को भी बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार पर हवा चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश होने के चलते इसका असर दिन के तापमान पर नहीं पड़ा। इसलिए अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार को 39.4 डिग्री था। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। कुछ इलाकों में दोपहर के समय पारा 40 डिग्री के पार रहा। हालांकि, शाम करीब साढ़े 5 बजे सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री तक लुढ़क गया।
प्रदूषण कम हुआ : बारिश के कारण प्रदूषण से भी राहत मिली। राजधानी में बीते कुछ दिन से प्रदूषण खराब श्रेणी में चल रहा था। शनिवार को यह एक बार फिर मध्यम श्रेणी में चला गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 195 दर्ज किया गया, जो शुक्रवार को 231 था। दिल्ली में अगले तीन दिन तक प्रदूषण से राहत बनी रहेगी।
क्या होता है येलो अलर्ट : मौसम विभाग येलो अलर्ट चेतावनी के रूप में जारी करता है। इसका मकसद लोगों को सतर्क करना है। अगर मौसम ज्यादा खराब होता है तो लोगों को उसके लिए तैयार रहना चाहिए।
मौसम में अचानक आए बदलाव का असर विमान सेवा पर भी पड़ा। तेज हवा और बारिश के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों को उतारना मुश्किल हो गया। इसके चलते कुल 22 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट करना पड़ा। इनमें इंडिगो की 9, विस्तारा की 3, एयर इंडिया की 8, सउदी अरबिया का एक और एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शामिल है। यह डायवर्जन दोपहर 3 से शाम 6.30 बजे के बीच किया गया।
Next Story